विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत पर दुःख की लहर
शोक संदेशों के साथ साथ घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग

नई दिल्ली (अनवार अहमद नूर/एशियन पत्रिका)
अत्यधिक दुःख भरी ख़बर के अनुसार महाराष्ट्र में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ और उसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित कई अन्य लोगों की भी मौत हो गई है। यह लियरजेट-45 (LJ45) एक मध्यम आकार का विमान था जिसे बिज़नेस जेट या चार्टर फ्लाइट के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। कनाडाई विमान कंपनी बॉम्बार्डियर के बनाए गए लियरजेट विमानों का इस्तेमाल कई चार्टर कंपनियां करती हैं। यह विमान बुधवार को उस समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया जब वह पुणे के पास बारामती हवाई अड्डे पर लैंड करने की कोशिश कर रहा था। पुणे (ग्रामीण) के एसपी संदीप सिंह ने बताया है कि विमान बुधवार सुबह 8.40 बजे लैंडिंग से पहले क्रैश हुआ। इसमें पांच लोग सवार थे। अजित पवार के साथ जिन अन्य लोगों की मौत हुई उनके नाम सुमित कपूर, शांभवी पाठक, विदिप जाधव और पिंकी माली हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लैंडिंग के समय कुछ दिक्कत दिखाई दे रही थी और ऐसा लग रहा था कि विमान दुर्घटना का शिकार हो सकता है।महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मौत की खबर के बाद देशभर में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी समेत देश के अनेक लोगों ने दुःख जताया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीन दिनों के राजकीय शोक का एलान कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया है कि श्री अजित पवार जी जनता के नेता थे, जिनका ज़मीनी स्तर पर मज़बूत जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में अग्रिम पंक्ति में रहने वाले एक कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में उन्हें व्यापक सम्मान हासिल था। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीब व वंचित वर्ग को सशक्त करने का उनका जज़्बा भी उल्लेखनीय था। उनका असमय निधन बेहद चौंकाने वाला और दुखद है। उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
ज्ञात रहे कि अजित पवार ने आगामी ज़िला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के प्रचार के लिए बारामती में चार जनसभाओं का आयोजन किया था, इसी सिलसिले में वे मुंबई से बारामती जा रहे थे। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने संवेदना प्रकट करते हुए एक्स पर लिखा है कि आज एक दुःखद हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और एनडीए के हमारे वरिष्ठ साथी अजित पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। अजित पवार जी ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि अजित पवार जी और उनके साथ यात्रा करने वालों की आज विमान हादसे में निधन की ख़बर अत्यंत पीड़ादायक है। राहुल गांधी ने कहा कि इस शोक के पल में महाराष्ट्र की जनता के साथ हूं। समस्त पवार परिवार और प्रियजनों को इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि पूरे महाराष्ट्र में दुख का वातावरण है. ऐसे जननेता को खोना हम सबके लिए बहुत बड़ी हानि है। ये मेरे लिए बड़ी व्यक्तिगत क्षति है। वो महाराष्ट्र के विकास में लगातार योगदान दे रहे थे और लग रहा था कि वो बड़ी राजनीतिक पारी खेलेंगे, तो ऐसे समय में उनका चले जाना बेहद दुखद है। मैं उनके वृहद राष्ट्रवादी परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।
सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी शोक व्यक्त किया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अजित पवार की मौत पर शोक जताया है उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन से वह सदमे में हैं। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने हादसे की जांच की मांग की है। शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी शोक श्रद्धांजलि अर्पित की है। पब्लिक पोलिटिकल पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती दीपमाला ने अजित पवार जी की इस दुखद दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। साथ ही, श्रीमती दीपमाला जी ने इस विमान दुर्घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इस पूरे मामले में यदि बीजेपी सरकार द्वारा किसी भी प्रकार की सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है, तो उसे देश की जनता के सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अजित पवार जी ने कुछ ही दिन पहले कई बड़े घोटालों का खुलासा करने की बात कही थी, ऐसे में यह दुर्घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है, जिनका जवाब जनता को मिलना चाहिए।







