रिश्वतखोरी के आरोपों में सेना का लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा रंगे हाथ गिरफ्तार
सीबीआई की छापेमारी में चौंकाने वाली बरामदगी हुई है

नई दिल्ली (एशियन पत्रिका ब्यूरो)
सीबीआई ने अपनी छापेमारी में रिश्वतखोरी के आरोपी सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को रंगे हाथ पकड़ा है। साथ ही साथ करोड़ों की नकदी भी बरामद हुई है। मिली जानकारी के अनुसार रक्षा मंत्रालय से जुड़े मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को रिश्वतखोरी के आरोपों में रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। जांच एजेंसियों की छापेमारी के दौरान उनके आवास से करीब 2.36 करोड़ रुपये नकद बरामद होने का दावा किया गया है। इस प्रकरण में उनकी पत्नी पर भी भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगे हैं।
सेंट्रल ब्यूरो आफ इंवेस्टीगेशन (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के बड़े मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और एक निजी व्यक्ति विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। ये मामला 19 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया था। सीबीआई के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा, उप योजना अधिकारी (अंतरराष्ट्रीय सहयोग व निर्यात), रक्षा उत्पादन विभाग, डिफेंस मंत्रालय भारत सरकार, पर आपराधिक साज़िश और रिश्वत के गंभीर आरोप हैं। आरोप है कि दुबई स्थित एक कंपनी के इशारे पर 18 दिसंबर 2025 को ₹3 लाख की रिश्वत दी गई। इस संबंध में सीबीआई ने अनेक स्थानों पर छापेमारी की है जिसमें बड़ी नकदी की बरामदगी हुई है। दिल्ली स्थित आवास से रुपये 3 लाख (रिश्वत की रकम) + ₹2.23 करोड़ नकद बरामद हुआ है। पता चला है कि श्रीगंगानगर (राजस्थान) स्थित आवास से रुपये 10 लाख नकद और अनेक अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज़ और सामग्री भी जब्त की गई हैं। सीबीआई ने श्रीगंगानगर, बेंगलुरु, जम्मू सहित कई अन्य स्थानों पर छापेमारी की है। नई दिल्ली स्थित कार्यालय में भी तलाशी ली गई है। इस सनसनीखेज मामले से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है।







