भाजपा शासन में दोगले और हिंसक व्यवहार का शिकार बन रहे हैं मुसलमान

नजीबाबाद में एआईएमआईएम की जनसभा में गरजे बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी

भाजपा को रोकने के लिए सम्मानजनक गठबंधन का स्वागत है

नजीबाबाद (बिजनौर यूपी)(अनवार अहमद नूर/एशियन पत्रिका)

शहर नजीबाबाद में हुई विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हैदराबाद से सांसद बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी ने जहां एक ओर मुसलमानों के साथ हो रहे दोगले और हिंसक व्यवहार पर भाजपा सरकार को निशाना बनाया वहीं दूसरी अन्य पार्टियों को भी इशारा दिया कि अगर भाजपा को रोकने के लिए सम्मानजनक गठबंधन होता है तो उसका स्वागत है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन न होने की स्थिति में एआईएमआईएम लगभग 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को नजीबाबाद विधानसभा से एआईएमआईएम का विधायक बनाने की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई सेकुलर पार्टी उनसे गठबंधन करना चाहती है तो वह पैदल चलकर भी गठबंधन करने के लिए आएंगे। भाजपा की बी टीम होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भाजपा के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन लाल यादव की तारीफ़ कर रहे हैं क्या वह भाजपा की ए टीम हैं। पेपर लीक पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पिछले 10 साल में 89 बार पेपर लीक हुआ और वह भी गुजरात की प्रिंटिंग प्रेस से और 48 बार री एग्जामिनेशन हुए। अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बोलते हुए उन्होंने कहा कि चंपत तो मज़े में है जिन लोगों को पुलिस ने अरेस्ट किया है उनकी रिमांड तक नहीं ली गई है। ओवैसी ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले में योगी आदित्यनाथ और चंपत राय पर कड़ा व्यंग्य कसते हुए कहा है कि “राम मंदिर ट्रस्ट में अगर एक भी मुसलमान मेंबर होता या रख लेते और चंदा चोरी का मामला सामने आता तो उस मुसलमान का एनकाउंटर कर देते या बुलडोज़र से घर तोड़ देते, मामला खत्म। मगर चंपत तो मज़े में हैं.”

आज़ाद मैदान नजीबाबाद में ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (Aimim) की हुई विशाल जनसभा में हज़ारों लोगों की भीड़ देखी गई, दूर दराज़ से आए लोगों और वाहनों को कंट्रोल करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभा में लोगों का जोश देखने लायक़ था वह बार बार नारे लगा कर अपना जोश प्रकट कर रहे थे। बैरिस्टर औवेसी का शानदार स्वागत किया गया और जोशीली नारे बाजी की गई। लोग छतों के साथ-साथ आसपास के पेड़ों पर भी बैठे हुए नज़र आए। मीडिया कर्मियों के लिए बनाए स्थान को भी आम लोगों ने घेर लिया जिससे मीडिया वालों को अपने काम में काफ़ी परेशानी उठानी पड़ी।

इस अवसर पर दलित मुस्लिम एकता को मज़बूत करने के लिए भीम आर्मी (जय भीम) संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनजीत सिंह नौटियाल के द्वारा मंच साझा करते हुए भविष्य में दलित मुस्लिम गठजोड़ को मज़बूत बनाने का ऐलान किया। कहा गया कि अब दलित और मुस्लिम किसी भी संगठन- पार्टी का बंधुवा मजदूर नहीं रहेगा और अब वो केवल दरी नहीं बिछायेगा बल्कि दलित मुस्लिम अपने हक़, अन्याय, अत्यचार के ख़िलाफ़ लड़ेगा l

इस अवसर पर पंडित मनमोहन झा, मैडम शाइस्ता परवीन,शायर असद आज़मी,एआईएमआईएम के नेता मोहम्मद माजिद, प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, प्रदेश महासचिव शमीम तुर्क, भीम आर्मी चीफ मनजीत नौटियाल, पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ मेहताब चौहान, महासचिव इंतज़ार अंसारी, प्रदेश सचिव हकीम अब्दुल सलाम, प्रदेश सचिव पूर्व ज़िला अध्यक्ष नज़ाकत अली कंभौर,यूपी सेक्रेटरी अरशद राना, ज़िला अध्यक्ष मौलाना रियाज़, विधानसभा अध्यक्ष आफताब अंसारी, सुभाष चंद्र जाटव चमार, माधव राम शास्त्री, आरिफ मलिक, मौलाना उस्मान, एहसान पेंटर, शमशाद मुनेरी, उत्तराखण्ड प्रदेश प्रभारी सोनू , प्रदेश प्रभारी सुलेमान भट्ट, राजकुमार सिंह एडवोकेट, ज़िला प्रभारी सहारनपुर आदिल सिद्दकी, नावेद प्रधान, धामपुर विधानसभा के अनेक लोग, स्योहारा से हाजी अकील, डा ज़ाकिर आदि के नेतृत्व में दर्जनों लोग मौजूद रहे।

विधानसभा अध्यक्ष आफताब अंसारी ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जनसभा में पहुंचे सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया तथा पार्टी को मज़बूत बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *