बदमाशों ने बस में बैठाकर हथियार के बल पर यात्रियों से की लूटपाट, चीख़ पुकार सुनकर पुलिस ने पकड़ा
बस के अदंर लूटपाट करने के साथ विरोध करने वाले यात्रियों की पिटाई भी की गयी

नई दिल्ली ( एप ब्यूरो)
बदमाशों का हौंसला तो देखिए की पहले तो मिनी बस में यात्रियों को बैठाया फिर उनसे चलती बस में लूटपाट की। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे के यात्रियों को बहला फुसला कर एक मिनी बस में अगवा कर लिया गया। बस को जब बदमाशों ने अगवा किया तब उसमें 16 से 17 यात्री सवार थे। उन्होंने बस के अदंर लूटपाट करने के साथ विरोध करने वाले यात्रियों की पिटाई भी की। बाद में यात्रियों का शोर सुन पुलिस टीम ने बस को रुकवाया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में सत्यपाल, मनोज, दीपू और विपिन है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है। हथियारबंद चार बदमाशों ने आनंद विहार रेलवे स्टेशन से मिनी बस में सवारियां को बिठाने के बाद अगवा किया। इसके बाद उन्होंने हथियार दिखाकर लोगों के साथ मारपीट कर लूटपाट शुरू कर दी। चीखने-चिल्लाने के बीच बस शास्त्री पार्क पहुंच गई। वहां गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने जब सवारियों को शोर मचाते हुए सुना तो जबरन बस रुकवाकर आरोपियों को काबू किया। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने बिनीत कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिनीत परिवार के साथ झारखंड के जामताड़ा इलाके में रहता है और 12वीं कक्षा का छात्र है। बिनीत का चचेरा भाई रोहिणी इलाके में रहता है। शुक्रवार को वह आगे की पढ़ाई के लिए चाचा के पास आ रहा था। आनंद विहार ट्रेन से उतरने के बाद वह बाहर सडक़ पर आकर रोहिणी जाने के लिए सवारी देखने लगा। इस बीच दो युवकों ने बिनीत को मिनी बस में बिठा लिया। फरीदाबाद की सवारी आई तो उसे भी बिठा लिया। जो भी सवारी जहां जाने की बात कर रही थी आरोपी उसे बस में चढ़ा दे रहे थे। आरोपियों ने बस में 16 सवारियों को बिठा लिया। इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। बस आनंद विहार से सीमापुरी की ओर चलने लगी। बाद में जीटी रोड होते हुए कश्मीरी गेट की ओर जाने लगी। चालक बस को काफी तेज गति से चला रहे थे। सवारियों ने आपस में बातचीत की तो सबको शक हो गया। बस में पानीपत, अलवर, गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत दूसरी जगहों की सवारियां बैठी हुई थीं। वहीं बस के बोर्ड पर आनंद विहार से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का बोर्ड लगा था। सवारियों ने विरोध जताकर बस रोकने और उतरने का प्रयास किया तो आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और सवारियों को धक्का देने लगे।आरोपियों ने फरीदाबाद जाने वाली दो सवारियों से उनका सामान छीना और उनको रास्ते में उतार दिया। आरोपी विरोध करने वालों के साथ मारपीट कर रहे थे। बस शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर पहुंची तो लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। इस दौरान गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों की नजर लोगों पर पड़ी। पुलिस कर्मियों ने जबरन बस को रुकवाया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने चारों बदमाशों को काबू किया। बाद में सभी को थाना लाकर उनके खिलाफ अगवा कर लूटपाट करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।