दिल्ली से जुड़े क्षेत्र नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के कोडली गांव में एक लापता महिला की लाश बरामद की गयी है। पुलिस का मानना है कि महिला की कथित तौर पर हत्या कर उसका शव जमीन में दफनाया गया। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने एक सूचना के आधार पर महिला का शव बरामद करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त समाचार के अनुसार नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के कोडली गांव में 15 मार्च से लापता महिला का शव मिला है। पुलिस का कहना है कि महिला की कथित तौर पर हत्या कर उसका शव जमीन में दफनाया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने एक सूचना के आधार पर महिला का शव बरामद किया। शुक्रवार को सेक्टर-155 में पानी की टंकी के पास महिला का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पाकर थाना नॉलेज पार्क पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। महिला के शव को गड्डे से निकलवाया गया। शिनाख्त कराई गई तो मृतका के परिजनों ने कपड़ों के आधार पर महिला की शिनाख्त सरिता के रूप में की। नॉलेज पार्क थाना के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक महिला की शिनाख्त सरिता के रूप में की गई है, जो 15 मार्च को अपने घर से लापता हो गई थी। सरिता के भाई ने अपनी बहन के पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज करवाया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।