राजकीय महाविद्यालय लक्सर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के माध्यम से किया जागरुक
एनएसएस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों एवं युवाओं को पोषणयुक्त आहार एवं परिवहन सुरक्षा के प्रति सचेत किया

लक्सर (उत्तराखंड) (एशियन पत्रिका/दिलशाद अली)
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय,लक्सर, (ज़िला हरिद्वार) के छात्र छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के शिविर के माध्यम से सुरक्षा और सेवा का भाव जगाते हुए जागरुक किया गया। दिनांक 16 जनवरी 2026 को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लक्सर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा विषय “युवाओं हेतु पोषणयुक्त आहार एवं परिवहन सुरक्षा” पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन करके इन विषयों पर सभी का ध्यान लाते हुए इन्हें अपनाने पर ज़ोर हूं गया। शिविर के अंतर्गत सर्वप्रथम डॉ. प्रीति शर्मा, सहायक प्राध्यापक गृह विज्ञान द्वारा पोषणयुक्त एवं संतुलित आहार विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। अपने व्याख्यान में उन्होंने युवाओं को प्राकृतिक आहार के महत्व, स्वस्थ खान-पान की आदतों तथा जंक फूड से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। इसके पश्चात एनएसएस के स्वयंसेवी अभिगृहित ग्राम भूरना लक्सर पहुँचे, जहाँ उन्होंने ग्रामीणों एवं युवाओं को पोषणयुक्त आहार एवं परिवहन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। स्वयंसेवियों ने घर-घर जाकर संवाद किया और प्रत्यक्ष संपर्क के माध्यम से यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग का संदेश दिया।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कनुप्रिया ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का विकास करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी. एन. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ एवं पोषणयुक्त जीवनशैली ही सशक्त समाज की आधारशिला है। युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना चाहिए, बल्कि उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति भी सजग होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक चेतना से जोड़ने का सशक्त माध्यम है, जो उन्हें ज़िम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।”







