मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम बेटी के चेहरे से नक़ाब हटाना अत्यंत शर्मनाक : मौलाना उस्मान लुधियानवी (शाही इमाम)
सामाजिक और धार्मिक लोगों की जिम्मेदारी है कि वे बिहार के मुख्यमंत्री की इस निंदनीय हरकत का संज्ञान लें

नई दिल्ली/लुधियाना (एशियन पत्रिका/अनवार अहमद नूर)
शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वे पंजाब से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर करेंगे। इसी क्रम में आज पंजाब राज्य की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय रही संस्था मजलिस-ए-अहरार-ए-इस्लाम हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा परदा-नशीं मुस्लिम बेटी के चेहरे से नक़ाब हटाने की अभद्र हरकत की कड़ी निंदा की।मौलाना उस्मान लुधियानवी ने कहा कि नीतीश कुमार को न अपने पद का लिहाज़ है और न ही अपनी उम्र का। उनका यह व्यवहार मुसलमानों के प्रति छिपी हुई नफ़रत को उजागर करता है। यदि वे अपने राज्य में अल्पसंख्यकों से इतनी नफ़रत करते हैं तो उन्हें चाहिए कि अपनी पार्टी और अपने लोगों के साथ सेक्युलरिज़्म का ढोंग करना छोड़ दें।
इमाम पंजाब ने कहा कि इस घृणित कृत्य को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह हरकत केवल एक बेटी के साथ नहीं की, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े धर्म इस्लाम की आस्था को भी ठेस पहुँचाई है और हर बेटी का अपमान किया है, चाहे वह किसी भी जाति या धर्म से संबंध रखती हो। उन्होंने कहा कि जो लोग केवल इसलिए नीतीश कुमार का समर्थन करते हैं कि वे मुख्यमंत्री हैं, उन्हें अपनी बहुओं और बेटियों की ओर भी देखना चाहिए। शाही इमाम ने आगे कहा कि हमारी ओर से यह निंदा और विरोध राजनीतिक नहीं, बल्कि वास्तविक है। यह सामाजिक और धार्मिक लोगों की जिम्मेदारी है कि वे बिहार के मुख्यमंत्री की इस निंदनीय हरकत का संज्ञान लें और ऐसे किसी भी समझौते को किसी भी हाल में स्वीकार न करें।
शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे पंजाब से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर करेंगे, ताकि भविष्य में कोई अन्य राजनेता या किसी भी उच्च पद पर आसीन व्यक्ति किसी बेटी के साथ ऐसा व्यवहार न कर सके। मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का उच्च पद पर होना यह अर्थ नहीं रखता कि वह समाज, धर्म या कानून से ऊपर है। शाही इमाम पंजाब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी मांग की कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिना किसी शर्त के तुरंत माफी माँगें।







