पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर को उत्तर प्रदेश पुलिस ने किया गिरफ़्तार


लखनऊ (एशियन पत्रिका ब्यूरो)
अमिताभ ठाकुर ट्रेन में लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे तभी शाहजहांपुर में सादा कपड़ों में कुछ पुलिसकर्मी ट्रेन में आए और अमिताभ ठाकुर को उठा ले गये। उन पर पिछले दिनों देवरिया में एक FIR दर्ज की गई थी। जिसके संबंध में उन्हें यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर की ओर से कहा गया है कि अमिताभ ठाकुर जब लखनऊ से दिल्ली आ रहे थे तो उन्हें शाहजहांपुर के आसपास कई लोगों ने ट्रेन से ज़बरदस्ती उतार लिया, पूछने पर कहां ले जा रहे हैं कुछ नही बताया। ट्रेन के अधिकारियों से संपर्क करने पर मात्र इतना पता चला कि 10 से 15 लोग थे जो शायद सिविल पुलिस से थे। बताया गया है कि रातोंरात अमिताभ ठाकुर और नूतन ठाकुर का ट्विटर अकाउंट भी गायब हो गया है।
ज्ञात रहे कि पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कानपुर के अधिवक्ता अखिलेश दुबे की संपत्तियों की गहन जांच कराने की मांग की थी, इसके लिए मंडलायुक्त और पुलिस कमिश्नर को पत्र भी लिखा था, उन्होंने मंडलायुक्त कार्यालय के एक कर्मचारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे। पत्र के अनुसार उन्होंने साकेतनगर स्थित पार्क की ज़मीन पर कब्जाकर किशोरी वाटिका गेस्ट हाउस बनाने और अखिलेश दुबे के कार्यालय के आवंटन की जांच की मांग की थी। इसके अलावा अवैध तरीके से बृजकिशोरी दुबे स्कूल संचालित करने का भी आरोप लगाकर जांच कराने की मांग की है उन्होंने कहा था कि ऐसी सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाए जाएं और आरोपियों से अवैध कब्जे या अवैध लाभ से कमाई गई संपत्ति की रिकवरी भी की जानी चाहिए।
पुलिस द्वारा उन्हें ले जाने की एक विडियो वायरल हो रही है जिसमें अमिताभ ठाकुर खुलेआम अपना एनकाउंटर कराने का आरोप योगी आदित्यनाथ पर लगा रहे हैं।







