धार्मिक हिंसा के चलते नेपाल में अशांति,हिंसा और हालात बेकाबू

बीरगंज में कर्फ्यू ,भारत-नेपाल बॉर्डर पर सख़्त निगरानी।

नई दिल्ली (एशियन पत्रिका डेस्क)
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में एक बार फिर अशांति और हिंसा के होने की खबर तेज़ी से आ रही है।‌ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया है। दक्षिणी नेपाल के कई इलाकों में हालात तेज़ी से बिगड़े हैं, सड़कों पर तोड़फोड़, आगज़नी और झड़पों की खबरें फैलीं हैं। मिली ख़बरों के अनुसार इस बार की हिंसा धार्मिक रूप से फैली बताई जा रही है। नेपाल के पर्सा और धनुषा ज़िलों में मस्जिद में तोड़फोड़ और पवित्र ग्रंथ जलाने की ख़बर के बाद धार्मिक तनाव व हिंसा फैली। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए, नेपाल के पर्सा और धनुषा ज़िलों में धार्मिक विवाद के बाद हालात बेकाबू हुए हैं। मस्जिद में तोड़फोड़ और पवित्र ग्रंथ जलाने की कथित घटना की खबर फैलते ही विरोध प्रदर्शन शुरू हुए, जो कुछ ही समय में हिंसक बन गये। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने बीरगंज शहर में कर्फ्यू लागू कर दिया। इसके साथ ही भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है। मैत्री पुल समेत सभी बॉर्डर पॉइंट्स पर आवागमन रोक दिया गया है। केवल आपातकालीन सेवाओं को सीमा पार करने की अनुमति दी जा रही है। सीमा सुरक्षा बल ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी है और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की कड़ी जांच की जा रही है।
हिंसक प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने पथराव किया, जिसके बाद पुलिस को हालात संभालने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस झड़प में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत करने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम भी सीमा पर तैनात की गई है। अधिकारियों के अनुसार, केवल मैत्री पुल ही नहीं बल्कि सहदेवा, महदेवा, पनटोका, सिवान टोला और मुशहरवा जैसे अन्य सीमा क्षेत्रों में भी गश्त तेज़ कर दी गई है। धनुषा ज़िले के कमला नगरपालिका क्षेत्र में भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। यहाँ मस्जिद में तोड़फोड़ और धार्मिक ग्रंथ जलाने की सूचना सामने आने के बाद मुस्लिम समुदाय में आक्रोश फैल गया था और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। कुछ हिंदू संगठनों की प्रतिक्रिया के बाद स्थिति और बिगड़ गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव और अशांति फैल गयी है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात हैं। बिगड़ते हालात के चलते नेपाल में काम करने वाले कई भारतीय मजदूर और कामगार अपने घर लौटने लगे हैं। नेपाल से लौट रहे भारतीय नागरिकों ने बताया है कि बीरगंज में सभी दुकानें और बाज़ार पूरी तरह बंद हैं। ऐसे हालात में वहाँ रुकना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने पर वह दोबारा काम पर लौटेंगे।
भारतीय सुरक्षा बलों ने इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर, सीमा पर आम नागरिकों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी है।. भारत और नेपाल को जोड़ने वाले मैत्री पुल पर खास निगरानी रखी जा रही है हालात इतने ख़राब और संवेदनशील हैं कि प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने पड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *