मुख्यमंत्री द्वारा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा तत्काल लागू हो : SDPI 

सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया हमेशा मेहनतकश कर्मचारियों और महिलाओं के सम्मानजनक जीवन के लिए संघर्ष करती रही है

लखनऊ,(अनवार अहमद नूर/एशियन पत्रिका)

सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष निजामुद्दीन खान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम बहुत देर से और संदिग्ध समय पर उठाया गया है। उन्होंने कहा कि आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान उत्तर प्रदेश विधान परिषद में की गई यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और सरकार का कार्यकाल समाप्ति की ओर है। प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संख्या 1,82,113, आंगनबाड़ी सहायिकाओं की संख्या 1,28,811 और आशा कार्यकर्ताओं की संख्या 1,80,000 है जो लंबे समय से अपने मानदेय में बढ़ोतरी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे, लेकिन सभी सरकारों ने उनकी समस्याओं को अब तक अनदेखा किया।

उत्तर प्रदेश अध्यक्ष निजामुद्दीन खान ने सवाल उठाया कि क्या चुनाव से ठीक पहले की गई यह घोषणा सत्ता पक्ष का वोट बैंक मजबूत करने का प्रयास नहीं है? उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में इन कर्मचारियों के हित में काम करना चाहती है, तो उसे तत्काल प्रभाव से उचित और स्थायी वेतन संरचना लागू करनी चाहिए, बकाया भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए तथा आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कर्मचारी का दर्जा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया हमेशा मेहनतकश कर्मचारियों और महिलाओं के सम्मानजनक जीवन के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनके हक की लड़ाई जारी रखेगी। पार्टी सरकार से मांग करती है कि चुनावी लाभ के बजाय वास्तविक कल्याणकारी नीतियां लागू की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *