उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस में हुआ शिकायतों का निस्तारण।

तहसील दिवस में लक्सर तहसील के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

लक्सर (उत्तराखंड)(दिलशाद अली)
लक्सर तहसील परिसर में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सौरभ असवाल ने की। तहसील दिवस में लक्सर तहसील के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिससे फरियादियों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिला।
तहसील दिवस के दौरान क्षेत्र के ग्रामीण व शहरी इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याएं उपजिलाधिकारी के समक्ष रखीं। प्राप्त शिकायतों में भूमि पैमाइश, नगर पालिका से जुड़ी समस्याएं, लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी से संबंधित सड़क एवं नाली निर्माण, विद्युत आपूर्ति से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए। जिसमें उपजिलाधिकारी सौरभ असवाल ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराते हुए फरियादियों को राहत प्रदान की गई। वहीं जिन शिकायतों का त्वरित निस्तारण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण के सख्त निर्देश दिए गए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान तहसील दिवस के आयोजन से फरियादियों में संतोष देखने को मिला और लोगों ने प्रशासन द्वारा की जा रही इस पहल की सराहना की। प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए तहसील दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं इस मौके पर काफी संख्या लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *