बिजनौर की दो लापता छात्राओं को सकुशल बरामद करने के लिए एसपी और बिजनौर पुलिस की हो रही है प्रशंसा
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया ने बिजनौर पुलिस को दिया धन्यवाद।



बिजनौर –(एशियन पत्रिका/अनवार अहमद नूर)
बिजनौर शहर से 15 नवंबर को लापता हुईं दो नाबालिग छात्राओं को सकुशल बरामद करने में बिजनौर पुलिस की कामयाबी की प्रशंसा हो रही है। दोनों लड़कियों को लुधियाना से बरामद कर लिया है और ये भी साफ हो गया है कि दोनों लड़कियां आत्मनिर्भर बनने के लिए लुधियाना में काम कर रही थी।
एसपी अभिषेक झा ने बताया है कि नौवीं की छात्रा पर घर में ज्यादा रोक-टोक थी, जबकि इंटर की छात्रा पर परिवार शादी का दबाव बना रहा था। इसी वजह से दोनों छात्राएं स्वतंत्र जीवन जीने के लिए घर से निकल गई थीं। पुलिस के अनुसार, छात्राएं बिजनौर से बस द्वारा सहारनपुर पहुंचीं और वहां टपरी रेलवे स्टेशन से बांद्रा जाने वाली ट्रेन में सवार हो गईं।
सूरत में उतरकर उन्हें माहौल सुरक्षित नहीं लगा, जिसके बाद वे दोबारा ट्रेन से रतलाम पहुंचीं। रतलाम में पैसे खत्म होने पर इंटर की छात्रा ने अपने टॉप्स साढ़े सात हज़ार रुपये में बेच दिए। इसके बाद दोनों ट्रेन से लुधियाना पहुंच गईं। घर से निकलते समय उनके पास मात्र दो हजार रुपये ही थे। सूत्रों के अनुसार, दोनों छात्राएं 20 नवंबर से लुधियाना में ही थीं, जहां उन्होंने किराए पर कमरा लेकर 10 हज़ार रुपये महीने की नौकरी भी कर ली थी।
इस दौरान पुलिस की स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और कोतवाली पुलिस की करीब 30 टीमें तथा 100 से अधिक पुलिसकर्मी लगातार तलाश में जुटे रहे। भारी संख्या में सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके बाद पुलिस को आखिरकार सफलता मिल गई। लड़कियों कनक और फिरदौस की बरामदगी में बिजनौर पुलिस ने एसपी अभिषेक झा, एस पी सिटी कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ सिटी संग्राम सिंह, एसओजी प्रभारी सचिन मलिक के कुशल नेतृत्व में गठित कई दर्जन पुलिस टीमों द्वारा चलाए गए कई तरह के पुलिस ऑपरेशन जिसमें सर्विलांस स्वाट टीम, एसओजी टीम के साथ कई दर्जन अन्य पुलिस टीम के अथक परिश्रम के बल पर सफलता प्राप्त की है।
दोनों लड़कियों कनक, फिरदौस के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक का आभार जताया है तो पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 25 हज़ार रुपए देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन फैलती अफ़वाहों पर भी विराम लग गया है जो एक हिंदू और एक मुस्लिम लड़की के अचानक गायब हो जाने पर फैल रही थीं।
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया बिजनौर ज़िला कमेटी ने दोनों छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर उनके परिवारों तक पहुँचाने के लिए बिजनौर पुलिस प्रशासन का हार्दिक आभार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष डॉ. अजमईन ने कहा कि पुलिस द्वारा कई राज्यों में चलाया गया अथक खोज अभियान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने ज़िला पुलिस अधीक्षक सहित पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस कार्रवाई से जनता का पुलिस पर विश्वास और मज़बूत हुआ है।







