शिक्षा की बदौलत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली लड़कियां भी अब जेईई-नीट जैसी परीक्षाएं पास कर रही हैं- आतिशी
इन बच्चों की उपलब्धि से गरीब परिवारों के लाखों बच्चों को अपने सपने साकार करने की उम्मीद जगी है


नई दिल्ली (संवाददाता)
त्यागराज स्टेडियम में आयोजित संवाद कार्यक्रम में छात्रों और उनके पैरेंट्स और शिक्षक की मौजूदगी में दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि मुझे याद है,जब 2016-17 में दिल्ली सरकार के स्कूलों के बच्चों ने आईआईटी और नीट एग्जाम को क्लीयर किया था और तब हमने पहली बार बच्चों के साथ संवाद किया था। उस दौरान सारे बच्चे,उनके पैरेंट्स और टीचर एक छोटी सी जगह में आ गए थे, लेकिन आज दिल्ली सरकार के स्कूलों में आई शिक्षा क्रांति और अरविंद केजरीवाल के विज़न के साथ नीट/जेईई क्वालिफाई करने वाले बच्चों का आंकड़ा तीन गुना बढ़ गया है। यह उपलब्धि गरीब परिवारों से आने वाले लाखों बच्चों को प्रेरित करेगा। जब एक सरकारी स्कूल का स्टूडेंट आईआईटी और एम्स में एडमिशन लेता है तो वो खुद की जिंदगी में आगे तो बढ़ने के साथ ही देश के लाखों गरीब परिवारों के बच्चों के लिए उम्मीद बनता है कि गरीबी के बावजूद अपने सपने को साकार किया जा सकता है और आईआईटी और एम्स जैसी प्रतिष्ठित संस्थानों में पंहुचा जा सकता है। शिक्षा मंत्री आतिशी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार दिल्ली सरकार के स्कूलों की लड़कियों ने लड़कों से बेहतरीन प्रदर्शन किया है। 2016 में मैं दिल्ली सरकार के एक गर्ल्स स्कूल में बच्चियों से बात की तो पता चला कि मामूली बचत करने वाले उनके माता-पिता अपने बेटों को प्राइवेट स्कूल में भेजते हैं और बच्चियों का दाखिला सरकारी स्कूल में करवाते हैं। आज यह खुशी की बात है कि सीएम अरविंद केजरीवाल के विज़न के तहत हमारे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली बच्चियों को भी शानदार शिक्षा मिल रही है और वो भी जेईई और नीट जैसी परीक्षाएं क्वालिफाई कर प्रतिष्ठित संस्थानों में एडमिशन ले रही हैं। उन्होंने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने 8 साल पहले जो सपना देखा था कि दिल्ली सरकार अपने स्कूलों के हर बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा देगी, वो आज पूरा हो रहा है। उसी का नतीजा है कि आज इतनी बड़ी संख्या में दिल्ली सरकार के स्कूलों के बच्चे नीट और जेईई क्वालीफाई कर रहे हैं।







