इंडियन नेवी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ज़ब्त की करोड़ों रुपए की ड्रग्स
ऑपरेशन समुद्रगुप्त रहा है बड़ा कामयाब

नई दिल्ली (एप ब्यूरो)
देश में यूं तो समय समय पर नशीले पदार्थ और ड्रग्स सामग्री पकड़ी जाती रही है लेकिन अभी
केरल में शनिवार को ज़ब्त की गई 2525 किलोग्राम मेथमफेटामाइन ड्रग्स 25 हज़ार करोड़ रुपए की बताई गई है। दरअसल इसकी क्वालिटी बेहद अच्छी है, इसलिए क़ीमत इतनी ज़्यादा है। हालांकि पहले इसकी अनुमानित कीमत 12 हज़ार करोड़ रुपए बताई गई थी।
इंडियन नेवी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने जॉइंट ऑपरेशन के दौरान केरल तट के पास से इस ड्रग्स को ज़ब्त किया है। नेवी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को ड्रग्स की कीमत पता लगाने में 23 घंटे से ज्यादा का समय लगा। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डिप्टी डायरेक्टर जनरल संजय कुमार सिंह ने बताया कि कीमत के हिसाब से ये भारत में ड्रग्स की सबसे बड़ी ज़ब्ती है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के मुताबिक, यह ड्रग्स पाकिस्तान से ट्रांसपोर्ट हुई। यहां से इसे ईरान के चाबहार पोर्ट पहुंचाया गया। इसके बाद इसे बोट से भारत लाया गया। इसकी सप्लाई भारत के अलावा श्रीलंका और मालदीव्स में भी होनी थी। ड्रग माफियाओं के प्लान के मुताबिक, ये बोट समुद्र में कुछ जगहों पर रुकती। इस दौरान अलग-अलग देशों से छोटी बोट इसके पास आकर ड्रग्स लेकर लौट जातीं। हालांकि, ड्रग्स की सप्लाई होने से पहले ही केरल के कोच्चि तट के पास इस बोट को पकड़ लिया गया। ड्रग्स के साथ एक पाकिस्तानी व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया, जिसे सोमवार को कोच्चि मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संजय कुमार ने कहा है कि हमने फरवरी 2022 में ऑपरेशन समुद्रगुप्त शुरू किया था। जो अत्यधिक सफल रहा है। ऑपरेशन के तहत टीम ने अब तक लगभग 4000 किलोग्राम अलग-अलग तरह की ड्रग्स ज़ब्त की है। इस ऑपरेशन में सबसे पहले फरवरी 2022 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और इंडियन नेवी की जॉइंट टीम ने गुजरात के तट से करीब 760 किलो ड्रग्स ज़ब्त की थी। इसकी कीमत 2 हज़ार करोड़ रुपए आंकी गई थी। इसके बाद अक्टूबर 2022 में जॉइंट टीम ने केरल के तट पर एक ईरानी नाव को रोका था, जिससे कुल 200 किलो हाई ग्रेड हेरोइन जब्त की गई थी। इस ऑपरेशन में 6 ईरानी तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने इंडियन नेवी के अलावा श्रीलंका और मालदीव के साथ भी ऑपरेशन समुद्रगुप्त को लेकर काम किया था। एक दूसरे से जानकारी साझा की थी, जिससे दिसंबर 2022 और अप्रैल 2023 में श्रीलंकाई नौसेना ने दो अभियान चलाए थे। इसमें 286 किलो हेरोइन और 128 किलो मेथमफेटामाइन की जब्ती के साथ 19 ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी भी हुई थी। वहीं, मालदीव पुलिस ने मार्च 2023 में 4 किलो हेरोइन बरामद करते हुए 5 तस्करों को गिरफ्तार किया था। केरल तट से पकड़ी गई ड्रग्स को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और नेवी की बड़ी सफलता माना जा रहा है।