कर्नाटक विधानसभा के लिए मतदान आज होगा।
मतगणना 13 मई को होगी जिसमें 2,615 उम्मीदवारों का फैसला होगा।

नई दिल्ली (एप ब्यूरो)
देश के राज्य कर्नाटक में विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान आज बुधवार को होगा। चुनाव आयोग की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। चुनाव आयोग ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं।कर्नाटक में चुनाव एक ही चरण में हो रहा है। मतगणना 13 मई को होगी। कर्नाटक ने 2018 में पिछले विधानसभा चुनाव में 72.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया था। कर्नाटक चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने 58,545 मतदान केंद्र बनाए हैं। राज्य में कुल 5,31,33,054 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। मतदाताओं में 2,67,28,053 पुरुष, 2,64,00,074 महिलाएं और 4,927 अन्य हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कुल 2,615 उम्मीदवार मैदान में हैं। उम्मीदवारों में 2,430 पुरुष और 184 महिलाएं हैं।
आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा में 224 सीटें हैं, जिनपर आज बुधवार को मतदान होने जा रहा है। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले, मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकलें। कर्नाटक में 5.3 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इनमें 11.71 लाख वे लोग हैं जो पहली बार मतदाता बने हैं। कर्नाटक में 5.71 लाख दिव्यांग, 80 साल या इससे अधिक उम्र के 12.15 लाख और 100 वर्ष की आयु के 16 हज़ार से ज़्यादा मतदाता पंजीकृत हैं। कर्नाटक राज्य में कई ऐसी सीटें है, जिसपर सबकी निगाहें लगीं हुईं हैं। इन सीटों में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (शिगाव), विपक्ष के नेता सिद्धारमैया (वरुणा), जद (एस) नेता एच डी कुमारस्वामी (चन्नापटना), प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार (कनकपुरा) शामिल हैं। चुनाव आयोग की ख़बर के अनुसार कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले प्रवर्तन एजेंसियों ने 375 करोड़ रुपये मूल्य से अधिक की शराब, मादक पदार्थ और अन्य वस्तुएं जब्त की हैं। जो राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान बरामद सामग्री के मूल्य से साढ़े चार गुना अधिक है। कर्नाटक में भाजपा और कांग्रेस ने बड़े पैमाने पर प्रचार और चुनावी प्रचार और तकरार किया है।