हाईवे पर अंडरपास की मांग को लेकर ग्रामीण भूख हड़ताल पर

प्रशासन को दिया अल्टीमेटम

हरिद्वार (उत्तराखंड)(दिलशाद अली)

ग्रामीण विधानसभा हरिद्वार क्षेत्र के गांव सराय में राष्ट्रीय राजमार्ग के रिंग रोड से बहादराबाद ब्लॉक मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क पर अंडरपास की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है। कई दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने अब भूख हड़ताल शुरू कर दी है। रविवार को कुछ ग्रामीण अनशन पर बैठ गए, जिनमें से कुछ की हालत बिगड़ती नजर आई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि सराय गांव से गुजरने वाला यह मार्ग वर्षों पुराना है और स्थानीय लोगों के आवागमन का मुख्य रास्ता रहा है। हाईवे निर्माण के बाद गांव दो हिस्सों में बंट गया है। आबादी का बड़ा भाग हाईवे के दूसरी ओर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए लोगों को अब करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और किसानों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि सरकार जहां गांवों को सड़कों से जोड़ने की बात कर रही है, वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा उनका परंपरागत रास्ता बंद किया जा रहा है। उनका आरोप है कि कई बार संबंधित विभागों को ज्ञापन देने के बावजूद अंडरपास निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।धरनास्थल पर पहुंचे तहसीलदार हरिद्वार ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी मांग सुनी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और जल्द ही इस विषय में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील भी की।वहीं ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि अंडरपास निर्माण की मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि फिलहाल कुछ लोग भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन मांग नहीं मानी गई तो पूरा गांव अनशन पर बैठ जाएगा और समाधान होने तक धरना जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *