बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए रिलैक्सो द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन

कार्यक्रम के तहत हरिद्वार जनपद के 118 विद्यालय एवं जनपद देहरादून के 10 विद्यालयों में एक बालिका को एक दिन का प्रधानाचार्य बनाया गया

लक्सर (उत्तराखंड) (एशियन पत्रिका/ दिलशाद अली)

यहां रिलैक्सो द्वारा परिवर्तन आदर्श विद्यालय परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना और उनके सर्वांगीण विकास के लिए समान अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के तहत हरिद्वार जनपद के 118 विद्यालय एवं जनपद देहरादून के 10 विद्यालयों में एक बालिका को एक दिन का प्रधानाचार्य बनाया गया एवं एक दिन की प्रधानाचार्य की देख – रेख में विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों को आयोजन किया गया। जिसमें राउमावि एवं राईका में बालिका क्रिकेट मैच एवं प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बालक – बालिका खो-खो मैच के साथ ही बालकों द्वारा बालिका शिक्षा महत्वा एवं समाज में आदर्श महिलाओं पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया, एवं विद्यालय तथा समुदाय में अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज (आर्चरी) खिलाड़ी दीपिका कुमारी की डॉक्यूमेंट्री फिल्म (लेडीज फर्स्ट) दिखाई गई।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी लक्सर ने कहा, कि इस तरह के आयोजनों से बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें विकास की मुख्यधारा में शामिल होने के अवसर बढे़गें।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी ने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और समानता के प्रति नई ऊर्जा का संचार करेंगे। यह पहल न केवल बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि उनके अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। रिलैक्सो फुटवियर्स के CSR प्रमुख गंभीर अग्रवाल ने कहा, कि कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को शिक्षा के समान अवसर प्रदान करना है। यदि एक बालिका शिक्षित होती है, तो पूरा समाज शिक्षित होता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *