कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) शाखा स्योहारा ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले पर जताया आक्रोश।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का किया पुतला दहन और राष्ट्रपति के नाम दिया ज्ञापन।

स्योहारा (बिजनौर-यूपी) (अनवार अहमद नूर)

कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की स्योहारा शाखा ने धरना- प्रदर्शन, नारेबाज़ी और पुतला दहन करके अमेरिका की वेनेजुएला के ख़िलाफ़ की गई हमले की कार्रवाई पर अपना आक्रोश प्रकट किया है। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर हमले और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो तथा उनकी पत्नी की किडनैपिंग को डोनाल्ड ट्रंप की तानाशाही बताते हुए इसे अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का खुल्लम खुल्ला उल्लंघन बताया।
कहा गया कि यह एक संप्रभु देश के ख़िलाफ़ किया गया हमला है जो संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के खिलाफ खुला उल्लंघन है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तानाशाही भाषण की निंदा करते हुए कहा गया कि उन्होंने अपने भाषण में कहा है कि वह वेनेजुएला के तेल भंडारों पर कब्जा कर लेगा, जिससे उसके इस हमले के पीछे के असली इरादे का पता चलता है। अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट ने एक कदम और आगे बढ़कर कहा है कि वह क्यूबा और मेक्सिको को भी नहीं बख्शेंगे। इससे पता चलता है कि अमेरिकी साम्राज्यवाद पूरी दुनिया पर अपना दबदबा और कब्ज़ा बनाना चाहता है भले ही उसके लिए उसे किसी भी संप्रभु देश पर सैन्य हमला क्यों न करना पड़े। अमेरिका पूरी दुनिया को अपना गुलाम और बपोती मानकर अपनी हुकूमत चलाना चाहता है। वेनेजुएला से आ रही रिपोर्ट्स बताती हैं कि लोग अमेरिका के ख़िलाफ़ बड़ी संख्या में इकट्ठा हो रहे हैं और अपने देश की संप्रभुता के लिए दृढ़ संकल्प हैं। वक्ताओं ने कहा कि हम वेनेजुएला के साथ अपनी पूरी सपोर्ट और हमदर्दी रखते हैं और मांग करते हैं कि भारत सरकार को अमेरिका के हमले की निंदा करने वाले दुनियाभर के देशों की आवाज़ में शामिल होना चाहिए और वेनेजुएला के साथ मज़बूती से खड़ा होना चाहिए। कमेटी ने राष्ट्रपति को प्रेषित एक ज्ञापन पत्र बीडीओ के माध्यम से दिया जिसमें मांग रखी कि अमेरिका को वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को तुरंत रिहा कर देना चाहिए। सीपीआई एमएल के राज्य सचिव सुधाकर यादव व राज्य कमेटी की सदस्य जीरा भारती की तुरंत रिहाई की जाए।
धरना प्रदर्शन और पुतला दहन में शामिल रहने वालों में एडवोकेट इसरार अली,फरीद अहमद, इन्द्र कुमार शर्मा, मोहम्मद इकराम,खलील अहमद, हरपाल सिंह,ए एच क़ादरी, कन्हैया सिंह, मतलूब जलील, राजवीर सिंह, अनवार अहमद, मुस्तकीम, मोहम्मद आरिफ, अब्दुल सलाम,चतरपाल सिंह,जाबिर हुसैन, मोहित शर्मा, आदि के नाम प्रमुख हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *