फतेहपुर में चर्च के अंदर धर्मांतरण का आरोप, बजरंग दल का हंगामा, पुलिस से भी झूं-झड़प।
चर्च के पादरी व पुत्र गिरफ्तार, 6–7 अज्ञात पर भी केस दर्ज




फतेहपुर (यूपी)(एशियन पत्रिका ब्यूरो)
फतेहपुर लगातार साम्प्रदायिक तनाव और गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। साम्प्रदायिकता फैलाने वाले यहां कानून की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। अभी कुछ दिन पूर्व तक यहां पर मस्जिदों और मज़ारो के ख़िलाफ़ बजरंग दल जैसे संगठनों की गतिविधियों के समाचार बन रहे थे लेकिन अब यहां इसाई और चर्च भी इन तत्वों के निशाने पर आ गये हैं। इन तत्वों का मनोबल इतना अधिक बढ़ा हुआ है कि ये चर्च में घुस कर पहले तोड़ फोड़ करते हैं और फ़िर धर्मान्तरण का आरोप लगाकर पुलिस पर दबाव बनाते हैं और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हैं।
फतेहपुर के थाना राधानगर क्षेत्र अंतर्गत देवीगंज स्थित चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान कथित धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया गया है। पुलिस से भी कहा सूनी करके रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि चर्च के भीतर हिंदू महिलाओं को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, चर्च के अंदर बड़ी संख्या में हिंदू महिलाएं मौजूद थीं, जिसको लेकर उनका आक्रोश भड़का।हंगामे किया गया। सूचना मिलते ही मौके पर सीओ समेत भारी पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई हालांकि कार्रवाई के दौरान हालात और तनावपूर्ण हो गए, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया है कि रविवार दिनांक 28 दिसंबर 2025 को धर्म परिवर्तन की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी थरियांव एवं प्रभारी निरीक्षक थाना राधानगर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। थाना राधानगर पर मु0अ0सं ०-217/25 धारा 299/351(3) बीएनएस एवं धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में डेविड ग्लेडविन (चर्च पादरी), जोहान विश्वास उर्फ केके बंगाली, अभिषेक ग्लेडविन तथा 6–7 अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने पादरी डेविड ग्लेडविन एवं उनके पुत्र अभिषेक ग्लेडविन को गिरफ्तार कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अन्य नामजद एवं अज्ञात व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ज़िले में चर्चाओं का बाजार गर्म है और पुलिस की कार्रवाई को लेकर जिले में माहौल गरमा गया है।







