राहुल गांधी की अगली चार पीढ़ी भी जम्मू कश्मीर में फिर से धारा 370 नहीं ला सकती है : शाह
Even the next four generations of Rahul Gandhi cannot bring back Article 370 in Jammu and Kashmir: Shah

दुमका,भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और झारखंड मुक्त मोर्चा (झामुमो) पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगली चार पीढ़ी भी जम्मू कश्मीर में फिर से धारा 370 नहीं ला सकती है।
श्री शाह ने क्रांतिकारियों की धरती दुमका के गांधी मैदान में भाजपा से दुमका विधानसभा के प्रत्याशी सुनील सोरेन और जामा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू के पक्ष में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। उन्होंने जनता से मुट्ठी बंद हाथ ऊपर कर भाजपा प्रत्याशी को जिताने का संकल्प लिया।झारखंड के हेमंत सोरेन पर गृह मंत्री अमित शाह ने जमकर निशाना साधते हुए कहा कि ‘हेमंत बाबू’ आप कांग्रेस के साथ मिलकर कर आप गहरी साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन पिछले दरवाजे से आदिम जनजाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग का आरक्षण काटकर मुसलमान को देना चाहती हैं। जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार रहते संभव नहीं है। इन सारे षड्यंत्रकारी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। यहां के जल, जंगल और जमीन को लूटने में झामुमो सरकार रही है। उनके घर घर से करोड़ों रुपए का खजाना इडी को मिला है। यह जनता का पैसा है। भाजपा सरकार भ्रष्ट कांग्रेस और झामुमो नेताओं को सलाखों के पीछे डालेगी और गरीब लोगों से लूटा गया एक-एक पैसा वसूलेगी।
गृह मंत्री ने कहा कांग्रेस की सरकार ने भारत पर बहुत दिनों तक राज किया आदिम जनजातियों के लिए क्या किया? यह भी पूछा जाना चाहिए की देश के पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक कौन-कौन प्रधानमंत्री ‘धरती आबा’ लोक नायक बिरसा मुंडा के गांव गए हैं। यह काम एकमात्र देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।भाजपा ने आदिवासियों के लिए क्या किया तो वो सुने 15 नवंबर 2021 को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाने का काम नरेंद्र मोदी ने किया| बीते शुक्रवार को पीएम मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देते हुए, डाक विभाग ने महान आदिवासी नेता और स्वतंत्रता सेनानी को सम्मानित करने के लिए उनकी 150वीं जयंती के अवसर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया। साथ ही साथ पूरे देश के जनजातीय समुदाय के लोगों को 6600 करोड़ से अधिक की योजनाओं का सौगात दिया है। ‘धरती आबा’ कि 150वीं जयंती में पूरे एक वर्ष मानने को लेकर एक कमेटी बनाई गई है।
श्री शाह ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि कि राहुल बाबा आपकी चौथी पीढ़ी भी जम्मू कश्मीर में धारा 370 वापस नहीं ला सकती है। आप सिर्फ जनता को धोखा देने का षड्यंत्र कर सकते हैं उन्होंने जनता से अपील की कि राहुल गांधी के किसी साजिश का शिकार नहीं होना है। उन्होंने कांग्रेस और झामुमो पर यह झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से आदिवासी अधिकारों का हनन होगा। अमित शाह ने जनसभा में स्पष्ट करते हुए कहा कि केंद्र सरकार आदिवासियों को इसके दायरे से बाहर रखेगी।
गृह मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा हेमंत सोरेन को बांग्लादेश बॉर्डर का ज्ञान नहीं है। झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए लाल कालीन बिछा दिया है। वे बोले वोटर और राशन कार्ड कौन बना रहा है? बांग्लादेश घुसपैठियों के पक्ष में के सुप्रीम कोर्ट कौन गया है? झारखंड सरकार की संरक्षणवादी नीति के कारण यह लोग झारखंड में बस गए हैं और आदिवासियों की जमीन, युवाओं के रोजगार पर कब्जा कर लिया है और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। उन्होंने हेमंत सोरेन पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनजाति आबादी में बेतहाशा गिरावट के लिए हेमंत सरकार दोषी है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि आप झारखंड में भाजपा सरकार बना दो चुन- चुन कर बांग्लादेशियों को निर्वासित किया जाएगा।
श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित सरकार ने अपने कार्यकाल के 10 वर्षों में झारखंड को क्या दिया। यूपीए की सरकार ने मात्र झारखंड सरकार को 10 वर्षों में 84 हजार करोड़ रूपया दिया जबकि भाजपा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अब तक 3 लाख 90 हजार करोड़ दिया है।भाजपा ने आदिवासियों के लिए क्या किया तो वो सुने 15 नवंबर 2021 को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाने का काम नरेंद्र मोदी ने किया।
गृह मंत्री ने कहा कांग्रेस झामुमो व राजद ने आदिवासियों को कभी सम्मान नहीं दिया,भाजपा ने एक गरीब आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को देश की राष्ट्रपति बनाकर आदिवासियों को बड़ा सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि आनेवाले समय में दस आदिवासी म्यूजियम बनेंगे। हर म्यूजियम में सिदो-कान्हू की मूर्ति स्थापित होगी। कार्यक्रम के बीच केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दुमका जिला भाजपा की ओर से ने दुमका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध मंदिर बाबा बासुकीनाथ की तस्वीर भेंट किया गया।