लक्सर विधायक मो. शहजाद और बसपा कार्यकर्ताओं ने धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया बहन मायावती का जन्मदिन
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बहन मायावती के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की


लक्सर(उत्तराखंड)(दिलशाद अली/एशियन पत्रिका)
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री बहन कुमारी मायावती का जन्मदिन रुड़की में भव्य तरीके से मनाया गया। रुड़की स्थित पीतांबर बैंक्विट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम का आयोजन लक्सर विधायक मो.शहजाद की ओर से किया गया।
समारोह की शुरुआत बहन मायावती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और केक काटकर की गई। इस अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे। नेताओं ने बहन मायावती के संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन, सामाजिक न्याय के लिए किए गए प्रयासों और बहुजन समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि बहन मायावती ने हमेशा दबे-कुचले, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया है। चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सर्वजन हिताय की नीति को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में बहुजन समाज पार्टी ने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
विधायक मो.शहजाद ने कहा कि बहन मायावती केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि करोड़ों बहुजनों की आशा और विश्वास का प्रतीक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बहन मायावती के विचारों और संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बहन मायावती के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। जन्मदिन समारोह में उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने “बहन जी जिंदाबाद” के नारे लगाकर अपना समर्थन व्यक्त किया।







