मेरठ के कपसाड़ गांव में दलित महिला सुनीता की निर्मम हत्या और बेटी रुबी के अपहरण पर भारी रोष,
सांसद चन्द्र शेखर आज़ाद को रोकने की कोशिश में पुलिस से हुई धक्का मुक्की।

एसएसपी विपिन टांडा ने बताया है कि अपह्त लड़की व आरोपी युवक बरामद कर लिया गया है


मेरठ (यूपी)(एशियन पत्रिका/अनवार अहमद नूर)
उत्तर प्रदेश के मेरठ ज़िले के सरधना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कपसाड़ में 8 जनवरी 2026 को घटित हुई अमानवीय घटना ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया है। यूपी में राजनीतिक तूफ़ान मच रहा है। विपक्षी पार्टियों ने घटना को लेकर रोष जताया है अधिकांश विपक्षी दलों के नेता और पदाधिकारी गांव में पीड़ित परिवार से मिलना चाहते हैं लेकिन प्रशासन ने सख्त कार्रवाई के तहत भारी सुरक्षा प्रबंध करते हुए बलों को तैनात किया है। गांव के प्रवेशद्वार से लेकर सभी आने जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा घेरा बनाया हुआ है।
समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस,एआईएमआईएम, आज़ाद समाज पार्टी, एसडीपीआई सहित अनेक विपक्षी पार्टियों ने इस दलित कांड पर सरकार को निशाना बनाते हुए पीड़ित को न्याय और दोषियों को सजा की मांग की है।
मेरठ ज़िले के सरधना थाना क्षेत्र में ग्राम कपसाड़ में दलित महिला सुनीता जाटव (लगभग 50 वर्ष) की गंडासे धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई तथा उनकी 20 वर्षीय बेटी रुबी का अपहरण कर लिया गया। मुख्य आरोपी पारस और उसके साथियों ने रुबी के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार का प्रयास किया। जब मां सुनीता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुनीता को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी रुबी को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर फरार हो गया। इस जघन्य अपराध के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। जहां एक ओर पीड़ित परिवार सदमे में है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है वहीं दूसरी ओर राजनीतिक विपक्षी पार्टियों ने
इस पर रोष जताते हुए विरोध प्रकट किया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है।
विपक्षी पार्टियों के नेताओं का कहना है कि
यह केवल एक दलित महिला की हत्या नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा, दलित समाज के सम्मान और कानून-व्यवस्था पर सीधा हमला है। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती महिला विरोधी और जातिगत हिंसक घटनाएँ सरकार और प्रशासन की विफलता को उजागर करती हैं।
पीड़ित परिवार से मिलने के लिए निकले नगीना के सांसद चंद्रशेखर आज़ाद को पुलिस ने काशी टोल प्लाजा पर रोका। सांसद से पुलिस की धक्का मुक्की की विडियो और तस्वीरें भी
वायरल हो रही हैं।
एसएसपी विपिन टांडा ने बताया है कि लड़की वह आरोपी युवक बरामद कर लिया गया है सहारनपुर पुलिस और मेरठ पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है। उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कोई अन्य व्यक्ति लायन ऑर्डर को ख़राब करने का प्रयास करेगा तो कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी विपिन टांडा ने बताया है कि अपह्त लड़की व आरोपी युवक बरामद कर लिया गया है





