अहल-ए-बिजनौर ने शायर ताहिर सऊद की अदबी खिदमात और अंतरराष्ट्रीय ख्याति के लिए उन्हें सम्मानित किया।
शायर ताहिर सऊद की वतन वापसी पर शानदार इस्तक़बालिया मुशायरा संपन्न।

बिजनौर (यूपी)(अनवार अहमद नूर/एशियन पत्रिका)
सऊदी अरब में अनेक कामयाब मुशायरों में शिरकत करने के बाद वतन लौटने पर मशहूर शायर ताहिर सऊद का बिजनौर के मोहल्ला क़ाज़ीपाड़ा में पत्रकार परवेज़ अकील के निवास पर शानदार इस्तक़बाल किया गया। इस अवसर पर उनके सम्मान में आयोजित मुशायरे में शायरों ने अपने कलाम से समां बाँध दिया।
इस कार्यक्रम में साहित्यिक लोगों के साथ-साथ सामाजिक और पत्रकारिता से जुड़ी हस्तियों ने भी भाग लिया।
शायर ताहिर सऊद ने हाल ही में जेद्दा और मदीना मुनव्वरा समेत सऊदी अरब के विभिन्न शहरों में आयोजित विश्व मुशायरों में अपना कलाम पेश किया और भरपूर दाद व तहसीन हासिल की। देश का नाम रोशन किया। वतन वापसी पर अहल-ए-बिजनौर ने उनकी अदबी खिदमत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान और उपलब्धि पर इस स्वागतीय और सम्माननीय मुशायरे का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान ताहिर सऊद को शॉल ओढ़ाकर और शील्ड पेश करके सम्मानित किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि ताहिर सऊद ने न सिर्फ़ ज़िला बिजनौर बल्कि पूरे मुल्क का नाम आलमी अदबी दुनिया में रोशन किया है।
मुशायरे की सदारत सीनियर शायर शनावर किरतपुरी ने अंजाम दी, जबकि निज़ामत नौजवान शायर मैराज बिजनौरी ने बड़ी ख़ुशअंदाज़ी से की। इस अदबी बैठक में ताहिर सऊद के साथ मरगूब रहमानी, आफ़ताब नोमानी, अमीर नहटौरी, रिहान कातिब, आरिफ़ गांधी, क़मर अख्तर जसपुरी, मोहतरमा ज़हीन गुल, आसिफ़ मिरज़ा, बहार आलम बहार, ज़ाहिर बिजनौरी वग़ैरह ने भी अपना मुन्तख़ब कलाम पेश किया और सामइीन से खूब दाद हासिल की। श्रोताओं ने ताहिर सऊद को दिल खोलकर सुना और सराहा, दाद व तहसीन के नारों से महफ़िल देर तक जारी रही। आख़िर में परवेज़ अकील और मुशायरा कमेटी के ओहदेदार पत्रकार मुशब्बिर हुसैन, अरबाब रहमानी, मिंहाज अंसारी और मुहम्मद आबिद ख़ान ने तमाम मेहमानों का शुक्रिया अदा किया।







