पुलिस सक्रियता से सुलझा राहुल की हत्या का प्रकरण

भाई ही निकला भाई की हत्या कराने वाला दोषी

स्योहारा (बिजनौर-यूपी)(एशियन पत्रिका ब्यूरो)

बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव हल्दुआ माफी में किसान राहुल पुत्र सतपाल की गोली मारकर हत्या के मामले में दो हत्यारे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिए गए। उनके पास से तमंचा खोखा कारतूस और कारतूस सहित पल्सर बाइक बरामद कर ली गई है। दोनों को मृतक के भाई दुष्यंत ने 4 लाख देकर भाई की हत्या कराई। पुलिस ने आरोपियों के पास से क़त्ल में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया है।
सीओ धामपुर ने बताया है कि मुठभेड़ में दो आरोपी अमजद और विनीत पकड़े गए हैं उन्होंने बताया कि स्योहारा के हल्दुआ में राहुल की हत्या उसके भाई दुष्यंत द्वारा इन्हें 4 लाख देकर कराई गई।
बिजनौर में पुलिस मुठभेड़ के बाद हत्या का खुलासा, मृतक के भाई सहित तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दिनांक 04 जनवरी 2026 को सूचना मिली कि ग्राम हल्दुआ माफी में राहुल पुत्र सत्यपाल सिंह की अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेजा गया। मृतक के पिता सत्यपाल सिंह की तहरीर के आधार पर मु.अ.सं. 06/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटना के अनावरण के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान थाना नगीना क्षेत्र में कालाखेड़ी पुल के पास थाना स्योहारा और नगीना पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में घायल आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद अमजद पुत्र मोहम्मद राशिद,निवासी ग्राम गजरौला शिव, थाना कोतवाली शहर, जनपद बिजनौर, विनीत पुत्र सुरेश सिंह, निवासी ग्राम कुलचाना, थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर बताए। आरोपियों के कब्जे से 02 तमंचे, 03 जिंदा कारतूस, 03 खोखा कारतूस (.315 बोर) तथा एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने आज सुबह ग्राम हल्दुआ माफी स्थित रोड किनारे दारू के ठेके के पास राहुल की गोली मारकर हत्या की थी। इस हत्या को मृतक के सगे भाई दुष्यंत पुत्र सत्यपाल सिंह ने चार लाख रुपये में सुपारी देकर करवाया था। हत्या के बाद दोनों आरोपी जनपद से बाहर भागने की फिराक में थे। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाले मृतक के भाई दुष्यंत को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसका भाई राहुल अत्यधिक नशा करने का आदी था, जिसका वह लगातार विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में अक्सर विवाद होता रहता था। पारिवारिक विवाद के चलते दुष्यंत दिल्ली में वाहन चलाने का कार्य करता था। दुष्यंत ने यह भी स्वीकार किया कि वर्ष 2019 में वह और उसका साथी रॉबिन गांव की एक महिला को चाकू मारने के मामले में जेल जा चुके हैं। आपसी रंजिश, पुराने विवाद और जान से मारने की धमकियों के चलते उसने अपने भाई की हत्या की साजिश रची और अमजद व विनीत को सुपारी देकर हत्या करवाई।
पुलिस मुठभेड़ के संबंध में थाना नगीना पर मु.अ.सं. 02/26 धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल आरोपियों को उपचार हेतु सीएचसी नगीना भेजा गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। इस सफल पुलिस कार्रवाई में थाना स्योहारा, थाना नगीना तथा स्वाट,सर्विलांस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *