क्रिकेटर शेफाली वर्मा का प्रदर्शन सिर्फ हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने क्रिकेटर शेफाली वर्मा और उनके परिवार को संत कबीर कुटीर आने का दिया आमंत्रण

नई दिल्ली (एशियन पत्रिका ब्यूरो)
महिला क्रिकेट टीम की शानदार जीत पर चारों ओर से बधाई और शुभकामनाओं का सिलसिला चल रहा है। ऐसे में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी और हरियाणा की बेटी शेफाली वर्मा से फोन पर बात कर महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने फाइनल मुकाबले में उनके प्लेयर ऑफ द मैच रहने के शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शेफाली वर्मा का प्रदर्शन सिर्फ हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, और शेफाली जैसी बेटियों ने पूरी दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शेफाली वर्मा और उनके परिवार को संत कबीर कुटीर आने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश को आपके प्रदर्शन पर गर्व है। आपने हरियाणा की बेटियों की शक्ति और प्रतिभा को दुनिया के सामने साबित किया है। उन्होंने हरियाणा सरकार की ओर से शेफाली वर्मा को ढेरों शुभकामनाएं देते हुए आने वाले समय में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *