भारत और म्यांमार में सुरक्षा मामलों पर चर्चा
अवैध आवागमन और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के उपायों पर भी हुई चर्चा

नई दिल्ली (एप ब्यूरो)
भारत और म्यांमार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखने और सीमा पार अवैध आवागमन और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के उपायों पर चर्चा की है। म्यांमार की दो दिन की यात्रा पर गए रक्षा सचिव गिरिधर अरामाने ने प्रशासनिक परिषद के अध्यक्ष वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की। उन्होंने म्यांमार के रक्षा मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) म्या तुन ओ से भी मुलाकात की और म्यांमार नौसेना के कमांडर-इन-चीफ एडमिरल मो आंग और रक्षा उद्योग प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल खान मिंट थान के साथ बैठकें कीं। उन्होंने म्यांमार के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ भारत की सुरक्षा से संबंधित मामलों को भी उठाया। दोनों पक्षों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखने, सीमा पार अवैध आवाजाही और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अंतरराष्ट्रीय अपराधों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने प्रतिबद्धता व्यक्त की कि वे अपने क्षेत्रों का इस्तेमाल एक दूसरे के प्रति शत्रुतापूर्ण गतिविधि के लिए नहीं होने देंगे। भारत और म्यांमार के बीच लगभग 1,700 किलोमीटर लंबी सीमा है। म्यांमार में होने वाले किसी भी घटनाक्रम का सीधा असर भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों पर पड़ता है। इसलिए म्यांमार में शांति और स्थिरता तथा वहां के लोगों की भलाई भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिसको लेकर चर्चा की गई है।