देशभर में उत्साहपूर्वक मनाई गई ईद,ईदगाहों और मस्जिदों में अदा की गयी नमाज़,
लखनऊ में अखिलेश, उज्जैन में दिग्विजय, पटना में नीतीश ईदगाह पहुंचे और मुबारकबाद दी

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बोलीं- जान दे दूंगी, पर देश नहीं बंटने दूंगी
नई दिल्ली (संवाददाता)
देशभर में आज ईद हर्षोल्लासपूर्वक मनाई गई। सुबह मस्जिदों में ईद की नमाज़ अदा की गई। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और गले मिले। शुक्रवार को भी अलविदा जुमा की नमाज़ में भारी संख्या में मुसलमानों ने भाग लेकर दुआएं मांगीं। ईद का चांद नजर आने के साथ ही 24 मार्च को शुरू हुआ रमज़ान का महीना पूरा हो गया। रमज़ान खत्म होने के बाद इस्लामिक कैलेंडर के शव्वाल महीने के पहले दिन ईद मनाई जाती है। इसे ईद-उल-फितर भी कहा जाता है। देश भर से नमाज़ अदा करने और उत्साहपूर्वक ईद मनाने की खबरें आईं हैं। उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव का वातावरण होने के कारण ईदगाहों पर नमाज़ियों का भव्य स्वागत हुआ। स्योहारा ज़िला बिजनौर उत्तर प्रदेश में ईदगाह में आने जाने वाले नमाज़ियों पर पुष्पवर्षा की गयी।
ईद के मौके पर दिल्ली की जामा मस्जिद, भोपाल की ईदगाह और मुंबई की माहिम दरगाह में सुबह से ही लोग नमाज के लिए जमा होने लगे थे। कोलकाता में लोगों से मिलने पहुंचीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- हमें शांति चाहिए। हम दंगे नहीं चाहते। जो लोग देश को तोड़ना चाहते हैं, उनसे कहना चाहती हूं कि मैं अपनी जान देने को तैयार हूं, लेकिन देश बंटने नहीं दूंगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान में ईद की मुबारकबाद देने पहुंचे।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में ऐशबाग के ईदगाह पहुंचकर अखिलेश यादव ने कहा कि रामराज्य, समाजवाद तभी संभव है जब जातीय जनगणना हो। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उज्जैन स्थित ईदगाह पहुंकर लोगों को बधाई दी। इधर, गुलाम नबी आजाद समेत कई नेताओं ने दिल्ली की पार्लियामेंट्री स्ट्रीट की मस्जिद में ईद की नमाज़ अदा की।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद के मौके पर सभी को मुबारकबाद दी। उन्होंने ट्वीट किया कि समाज में सौहार्द्र और प्रेम की भावना बढ़ती रहे। मैं सभी के स्वास्थ्य और कल्याण की कामना करता हूं। ईद मुबारक।