जेएसएस नर्सिंग पैरामेडिकल कॉलेज छात्रों ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय निरंजनपुर को दिया नया रूप
शिक्षा संस्थान जब समाज से जुड़ते हैं तो वास्तविक बदलाव आता है

लक्सर (उत्तराखंड) (दिलशाद अली)
तहसील लक्सर क्षेत्र के निरंजनपुर में एक सराहनीय और प्रेरणादायक आयोजन हुआ, जिसने स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति युवाओं की ज़िम्मेदारी और सामुदायिक भावना को एक बार फिर उजागर किया। जेएसएस नर्सिंग पैरामेडिकल कॉलेज हबीबपुर कुड़ी रायसी के प्रबंधक डॉ. कटार सिंह के सक्रिय सहयोग और मार्गदर्शन में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, निरंजनपुर में विशेष रंग-रोगन एवं सफाई अभियान चलाया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल परिसर को स्वच्छ, आकर्षक और मरीजों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना था। डॉ. कटार सिंह ने बताया कि नर्सिंग एवं पैरामेडिकल शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि व्यावहारिक सेवा और समाज कल्याण से भी जुड़ी होनी चाहिए। उनके नेतृत्व में कारीगरों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और पूरे अस्पताल भवन, वार्डों, ओपीडी क्षेत्र, गलियारों एवं बगीचे को चमकदार रंगों से रंगने के साथ-साथ गहन सफाई अभियान चलाया। पुरानी दीवारों पर ताजा पेंट किया गया, जिससे अस्पताल का वातावरण उज्ज्वल और सकारात्मक हो गया। फर्श,छत,शौचालय एवं अन्य क्षेत्रों की गहन सफाई की गई। मरीजों के लिए बैठने की जगहों को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाया गया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाई गई। यह पहल न केवल अस्पताल की सौंदर्य वृद्धि करेगी, बल्कि मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए बेहतर अनुभव प्रदान करेगी। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के चिकित्सकों मेडिकल ऑफिसर डॉ अश्वनी कौशिक एवं स्टाफ ने इस प्रयास की सराहना की है और डॉ. कटार सिंह तथा जेएसएस नर्सिंग पैरामेडिकल कॉलेज के प्रबंधन को धन्यवाद दिया।
डॉ. कटार सिंह ने कहा कि “हमारा प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में पढ़ने वाले छात्र समाज की सेवा में आगे आएं। यह अभियान स्वच्छ भारत अभियान से भी जुड़ा है और हमें गर्व है कि हमारे युवा ऐसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं । शिक्षा संस्थान जब समाज से जुड़ते हैं तो वास्तविक बदलाव आता है। जेएसएस नर्सिंग पैरामेडिकल कॉलेज की यह पहल अन्य संस्थानों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण बनेगी।







