नगीना (बिजनौर यूपी) विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ राजवीर की मौत पर एसडीपीआई ने प्रकट किया शोक
राजवीर के परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए : डा.अजमईन (बिजनौर ज़िला अध्यक्ष SDPI)


बिजनौर/किरतपुर (यूपी)(एशियन पत्रिका/अनवार अहमद नूर)
नगीना विधानसभा क्षेत्र के किरतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नसरुल्लापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीएलओ राजवीर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार राजवीर बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए, जिसके बाद उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। परिजनों का कहना है कि राजवीर शिक्षामित्र के रूप में कार्यरत थे और SIR (Special Intensive Revision) के कार्य को लेकर भारी तनाव में थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया।
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) जनपद बिजनौर यूपी के ज़िलाध्यक्ष डॉ. अजमईन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि—“SIR कार्य के चलते बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर्स) अत्यधिक मानसिक दबाव और तनाव की स्थिति से गुज़र रहे हैं, जिससे ऐसी घटनाएँ सामने आ रही हैं। सरकार को इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए तुरंत आवश्यक कदम उठाने चाहिए।”
SDPI ने मांग की है कि मृतक बीएलओ राजवीर के परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित रह सके।







