दिल्ली विधानसभा में दिल्ली सरकार ने गृह मंत्रालय की बजट को मंज़ूरी के बाद पेश किया बजट

वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने इस बजट को दिल्ली के लिए आवश्यक बताया

नई दिल्ली (सम्वाददाता)

दिल्ली विधानसभा में दिल्ली सरकार ने गृह मंत्रालय की बजट को मंज़ूरी के बाद राज्य का बजट पेश किया है। राज्य के वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने शुरू में ही कहा कि अगर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बजट पेश करते तो अधिक खुशी होती। कैलाश गहलोत ने कहा कि आठ साल में दिल्ली का चेहरा बदला है। इस दौरान 28 फ्लाई ओवर बनाए हैं और दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क को दोगुना किया है। ये बजट दिल्ली के लिए आवश्यक है, क्योंकि हम जी-20 की मेजबानी कर रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र के लिए बजट में 16,575 करोड़ रुपए दिए गए हैं। सरकारी स्कूलों और टीचर्स को नए टैबलेट, हर सरकारी स्कूल को बीस नए कम्प्यूटर दिए जाएंगे। स्कूलों में अब फ्रेंच, जर्मन, जापानी और स्पेनिश भाषा भी पढ़ाई जाएगी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को अपग्रेड करने के लिए 35 सौ करोड़ रुपए दिए गए हैं। इस साल के अंत तक 1600 इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली को मिलेंगी। 2025 तक सिटी ट्रांसपोर्ट में 10 हजार से ज्यादा बसें होंगी। इनमें से 80% बसें इलेक्ट्रिक होंगी। दिल्ली में 2180 इलेक्ट्रिक मोहल्ला बसें चलाई जाएंगी। ये दूर-दराज के इलाकों को यातायात से जोड़ेंगी। सौ नए महिला मोहल्ला क्लिनिक खोले जाएंगे। फ्री में होने वाले मेडिकल टेस्ट की संख्या 200 से बढ़ाकर 450 कर दी गई है। नौ नए हॉस्पिटल बनाए जा रहे हैं, जिनमें से चार इसी साल चालू हो जाएंगे। हॉस्पिटल में बेड की संख्या 14 हजार से बढ़ा कर तीस हज़ार की जाएगी। स्वास्थ्य के लिए 9,742 करोड़ रुपए बजट में दिए गए हैं।

दो साल के भीतर दिल्ली के तीनों कूड़े के पहाड़ साफ कर दिए जाएंगे। दिसंबर 2023 तक ओखला डंपिंग यार्ड, मार्च 2024 तक भलस्वा डंपिंग यार्ड और दिसंबर 2024 तक गाजीपुर डंपिंग यार्ड साफ हो जाएगा। इसके लिए नगर निगम को 850 करोड़ रुपए का लोन दिया जाएगा।

स्थानीय निकायों को 8,241 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। इस साल 26 नए फ्लाई ओवर, अंडर पास और ब्रिज बनाएंगे। इसके लिए 722 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। 14 सौ किमी लंबी सड़कों को सुंदर बनाया जाएगा। इसपर 2 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। यमुना साफ करने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स की क्षमता बढ़ाई जाएगी। सभी कॉलोनियों को सीवर नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 6-पॉइंट प्लान बनाया गया है। दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय 14% बढ़ी है। 2021-22 में प्रति व्यक्ति आय 3 लाख 91 हजार थी जो 2022-23 में बढ़कर 4,44,768 हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *