मंत्री के साथ बातचीत और आश्वासन के बाद यूपी में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त

बिजली व्यवस्था को किया गया पुन व्यवस्थित और संचालित

लखनऊ (न्यूज़ ब्यूरो) 

यूपी में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल मंत्री के साथ बातचीत और आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। बिजली कर्मचारियों ने समय से पहले हड़ताल वापस ले ली है। गुरुवार की रात शुरू हुई हड़ताल को दोपहर बाद बैठक के पश्चात समाप्त करने का ऐलान किया गया। बिजली कर्मचारियों ने रविवार रात 10 बजे तक हड़ताल पर रहने की घोषणा की थी। इसके बाद प्रदेश भर में जारी बिजली संकट को दूर करने की कार्रवाई शुरू की गई। कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था को रिस्टोर कर लिया गया है। बिजनौर,मुरादाबाद  बाराबंकी,अयोध्या, गाजीपुर हमीरपुर से बिजली सप्लाई के पूरी तरह से रिस्टोर की खबरें सामने आई हैं। इसके अलावा यूपी के अन्य जिलों में बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्रवाई जारी है।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने संघर्ष समिति को भी आश्वासन दिया कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों के खिलाफ की गई संपूर्ण कार्रवाई को वापस लिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने यूपीपीसीएल के चेयरमैन को निर्देशित भी किया है। अब तक कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई में चाहे एफआईआर हो, निलंबन या अन्य किसी प्रकार की कार्रवाई की गई हो, इसे शीघ्र वापस लिया जाए। संघर्ष के अन्य मुद्दों पर विचार करने के लिए आने वाले समय में वार्ता के माध्यम से हल किया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से भी कहा है कि प्रदेश में जहां कहीं भी विद्युत आपूर्ति बाधित हो, उसे शीघ्र बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि जो भी कर्मचारी कार्यस्थल पर न हो, वह कार्यस्थल पर जाकर अपनी ड्यूटी करें। यूपी में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण प्रदेश में हाहाकार जैसी स्थिति बन गयी थी। ऐसे में सरकार और बिजली यूनियन के बीच लगातार वार्ता चल रही थी। ऐसे में मंत्री ने विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति के साथ लगातार बैठकें की। बैठक के बाद संघर्ष समिति ने रविवार को दोपहर बाद यूनियन के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने हड़ताल को वापस लेने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री के आश्वासन के बाद हड़ताल को समाप्त करने का ऐलान किया गया। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और हड़ताली कर्मचारी संगठन के बीच रविवार को बैठक शुरू हुई। बैठक में ऊर्जा मंत्री ने यूपीपीसीएल के चेयरमैन को कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के खिलाफ आंदोलन के दौरान जो भी मामले दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लिया जाए। कर्मचारियों की मांगों को लेकर ऊर्जा मंत्री ने सकारात्मक संकेत दिए। इसके बाद यूनियन के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने हड़ताल को समाप्त करने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि सरकार हमारी मांगों को लेकर सकारात्मक है। इसके बाद जनहित में तत्काल बिजली कर्मियों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *