वर्ष 2027 में हमला करेगा चीन : (ताइवान के विदेश मंत्री का बयान)
कहा- हम जंग की तैयारी कर रहे हैं

नई दिल्ली (एप ब्यूरो)
चीन और ताईवान को लेकर मामला गरमाया हुआ है और ताइवान के विदेश मंत्री जोसेफ वू ने कहा है कि चीन उनके देश पर वर्ष 2027 तक हमला कर देगा। चीन से लगातार मिल रही धमकियों के बीच वू ने एक इंटरव्यू दिया है और कहा है कि ‘हम चीन की मिलिट्री के खतरे को गंभीरता से ले रहे हैं। हमें लग रहा है कि 2027 वो साल होगा जब हम पर हमला हो सकता है। ताइवान इस लड़ाई के लिए तैयारी कर रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि ताइवान को उन्हीं के जैसी विचारधारा वाले देश ही चीन के हमले से बचा पाएंगे। यहां उनका उद्देश्य ब्रिटेन और अमेरिका से है। जो ताइवान को सैन्य सहायता देते रहे हैं
ताइवान के विदेश मंत्री का ये बयान तब आया है जब चीन के विदेश मंत्री किन गैंग ने कहा था कि जो ताइवान के मामले में आग से खेल रहे हैं, वो खुद को ही जला लेंगे,चीन कभी भी किसी ऐसी बात को नहीं मानेगा जिससे उसकी सुरक्षा और संप्रभुता के साथ खिलवाड़ हो।
साथ ही ताइवान के विदेश मंत्री से पहले अमेरिका की इंटेलिजेंस के डायरेक्टर विलियम बर्न ने भी दावा किया था कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश की सेना को ताइवान पर कब्जा करने के लिए तैयार रहने के आदेश दिए हैं। पिछले दिनों ताइवान की राष्ट्रपति के अमेरिका दौरे से नाराज होकर चीन ने युद्ध अभ्यास शुरू कर दिया था। चीन का युद्धाभ्यास तीन दिनों तक जारी रहा था। ड्रिल के इस पूरे ऑपरेशन को जॉइंट स्वॉर्ड नाम दिया गया था। अमेरिका ने 1979 में चीन के साथ रिश्ते बहाल किए और ताइवान के साथ अपने कूटनीतिक रिश्ते तोड़ लिए हालांकि चीन के ऐतराज के बावजूद अमेरिका ताइवान को हथियारों की सप्लाई करता रहा। कहा जाता है कि अमेरिका ताइवान के मुद्दे पर अस्पष्ट नीति अपनाता है लेकिन राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कई मौकों पर कहा है कि अगर ताइवान पर चीन हमला करता है तो अमेरिका उसके बचाव में उतरेगा।