सूडान में फंसे लोगों को सऊदी अरब ने सुरक्षित निकालकर दिया ईद पर विशेष तोहफ़ा

अफ्रीकी देश में खूनी संघर्ष में  भारतीय भी फसें थे

नई दिल्ली (एप न्यूज़ डेस्क)

अफ्रीकी देश में खूनी संघर्ष के चलते सूडान में फंसे नागरिकों की मदद के लिए सऊदी अरब ने आगे आकर मदद की है। जिसे उसकी तरफ से ईद का बेहतरीन तोहफ़ा माना गया है। इसमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। सऊदी अरब ने अपने नागरिकों और राजनयिकों के साथ भारत समेत अन्य देशों के फंसे 150 से ज्यादा लोगों निकाला है। सूडानी सेना ने कहा है कि देश के मुख्य हवाई अड्डे सहित राजधानी खार्तूम में संघर्ष जारी रहने के बीच वह अमेरिका, ब्रिटेन, चीन और फ्रांस के राजनयिकों को सैन्य विमानों के जरिये सूडान से बाहर निकालने की कोशिशें कर रहा है। उल्लेखनीय है कि इस अफ्रीकी देश में खूनी संघर्ष दूसरे हफ्ते भी जारी है। सूडानी थलसेना ने कहा कि उसके प्रमुख जनरल अब्दुल फतह बुरहान ने विभिन्न देशों के नेताओं से बात की, जिन्होंने अपने नागरिकों एवं राजनयिकों की सुरक्षित निकासी का अनुरोध किया है। देश के ज्यादातर हवाई हड्डे रणक्षेत्र में तब्दील हो गए हैं और राजधानी खार्तूम के बाहर गतिविधियां खतरनाक साबित हुई हैं। सेना ने कहा, ‘बुरहान विभिन्न देशों के लिए इस तरह की सुरक्षित निकासी में आवश्यक मदद करने को सहमत हुए हैं।’ सूडान का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद हो जाने और लाखों लोगों के घरों के अंदर ही रहने के बीच ये सवाल उठ रहे हैं कि विदेशी नागरिकों को बड़े पैमाने पर कैसे निकाला जाएगा। खार्तूम और इसके आसपास के इलाकों में सूडानी सेना और एक शक्तिशाली अर्द्धसैनिक समूह के बीच झड़पें होने के कारण विभिन्न देशों को अपने नागरिकों को स्वदेश ले जाने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है, क्योंकि निकासी का काम बहुत जोखिम भरा हो गया है। राजधानी खार्तूम के बीचों बीच स्थित मुख्य हवाई अड्डा बंद है, ऐसे में विभिन्न देशों ने अपने-अपने नागरिकों को तब तक सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को कहा है, जब तक कि वे उनको बाहर निकालने की योजनाएं तैयार नहीं कर लेते हैं। रैपिड सपोर्ट फोर्सेज नाम के अर्द्धसैनिक समूह ने हवाई अड्डा पर कब्जा करने की कोशिश के तहत भारी गोलाबारी की है। बुरहान ने कहा कि सऊदी अरब के राजनयिकों को लाल सागर में स्थित सूडान के मुख्य बंदरगाह पोर्ट सूडान से निकाला जा चुका है और उन्हें स्वदेश भेज दिया गया है। इस बीच, सउदी अरब के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा है कि उसने सूडान से सऊदी नागरिकों को निकालने का इंतजाम शुरू कर दिया है। उसने बताया कि इन नागरिकों को नौसेना की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिसमें कई अन्य मित्र देशों के 66 से ज्यादा राजनयिक और नागरिक भी शामिल हैं। जिन देशों के लोगों को सऊदी ने निकाला है उसमें, कुवैत, कतर, यूएई, मिस्र, ट्यूनीशिया, पाकिस्तान, भारत, बुल्गारिया, बांग्लादेश, फिलीपींस, कनाडा और बुर्कीना फासो शामिल हैं। भारत के विदेश मंत्री लगातार लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सऊदी और सूडान के संपर्क में थे। इस हफ्ते की शुरूआत में अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने कहा था कि वह सूडान से अमेरिकी दूतावास के कर्मियों की संभावित निकासी की तैयारियों के लिए अदन की खाड़ी में स्थित छोटे से देश जिबूती में एक नौसेना अड्डे पर अतिरिक्त सैनिक और उपकरण भेज रहा है। शुक्रवार को, व्हाइट हाउस ने कहा कि सूडान में 16,000 अमेरिकी नागरिकों के फंसे होने की आशंका है और अमेरिकी नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को कहा गया है। बुरहान ने सउदी टीवी स्टेशन ‘अल हदाथ’ पर शनिवार को कहा कि संघर्ष के कारण खार्तूम के हवाई अड्डा से कोई निकासी कार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सेना ने दक्षिण-पूर्वी शहर नयाला स्थित हवाई अड्डा को छोड़कर देश के अन्य सभी हवाई अड्डों पर फिर से अपना नियंत्रण हासिल कर लिया है। इस हफ्ते की शुरुआत में संघर्ष विराम की दो कोशिशें नाकाम हो गई थीं। सूडानी डॉक्टर्स सिंडिकेट के सचिव अतिया अब्दुल्ला अतीय ने कहा, ‘लोगों को यह महसूस करने की आवश्यकता है कि युद्ध पहले दिन से जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *