हॉलीवुड अभिनेताओं की हड़ताल के बाद अमेरिका में मनोरंजन जगत का कामकाज ठप्प
63 सालों में ये पहला इंडस्ट्री वाइड शटडाउन है।

नई दिल्ली (एप न्यूज़ डेस्क)
फिल्म इंडस्ट्री हॉलीवुड के अभिनेताओं ने घोषणा की कि वो हड़ताल पर जा रहे हैं। उन्होंने इस स्ट्राइक में राइटर्स को ज्वॉइन किया है। आख़िरी बातचीत विफल होने के बाद 63 सालों में ये पहला इंडस्ट्री वाइड शटडाउन है। इसमें लगभग सभी फिल्म और टीवी प्रोडक्शन ठप्प हो जाएगा। ये हड़ताल आख़िर क्यों हो रही है,इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार द स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड (एसएजी-एएफटीआरए) ए-लिस्ट सितारों सहित 160,000 कलाकारों का प्रतिनिधित्व करता है। उसका कहना है कि उनकी मांग पर बिना किसी डील के नेगोशिएशन ख़त्म हो गया है। उनकी डिमांड कम सैलरी और आर्टिफिशियल इंटैलिजेंस से जुड़े ख़तरे को लेकर है। दरअसल, सैलरी अक्सर काम रुकने की वजह होता है और यहां भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। स्ट्रीमिंग के बढ़ने और कोरोना से पैदा हुई चुनौतियों ने स्टूडियो पर दबाव डाला है, जिनमें से कई को फाइनेंशियल क्राइसेस का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही एक्टर्स और राइटर्स भी तेजी से बदल रहे माहौल में बेहतर सैलरी और सिक्योरिटी की तलाश कर रहे हैं।
ए-लिस्ट एक्टर्स ने पिछले महीने गिल्ड लीडरशिप को एक लेटर पर साइन किए थे, जिसमें कहा गया था कि वे हड़ताल करने के लिए तैयार थे। उन्होंने इस घटना को ‘हमारी इंडस्ट्री में एक अभूतपूर्व बदलाव बिंदु’ कहा था।
यूनियन के चीफ नेगोशिएटर डंकन क्रैबट्री-आयरलैंड ने कहा कि’SAG-AFTRA नेशनल बोर्ड ने सर्वसम्मति से स्टूडियो और स्ट्रीमर्स के ख़िलाफ़ हड़ताल का आदेश जारी करने के लिए मतदान किया।’ हड़ताल गुरुवार आधी रात से शुरू हो गई है, जिसका अर्थ है कि एक्टर्स 1960 के बाद पहली हॉलीवुड ‘डबल स्ट्राइक’ में शुक्रवार सुबह से लेखकों के साथ धरने में शामिल हो गए हैं। मालूम हो कि राइटर्स 11 हफ्ते पहले से ही धरने पर हैं। टेलीविजन और फिल्मों में एआई के भविष्य के उपयोग के ख़िलाफ़ बेहतर वेतन और सुरक्षा की उनकी समान मांगों को पूरा नहीं किए जाने के बाद उन्होंने स्ट्राइक शुरू किया था। इस साल टीवी पर वापसी के लिए तैयार फेमस सीरीज को अब लंबी देरी का सामना करना पड़ रहा है। और अगर हड़तालें जारी रहीं तो बड़ी फिल्में भी स्थगित हो सकती हैं।







