केवी इंटर कॉलेज लक्सर में एक दिवसीय रोज़गार मेले का आयोजन
चेयरमैन संजीव कुमार उर्फ नीटू द्वारा आयोजित रोज़गार मेले में विधायक मो.शहजाद की उपस्थिति,

लक्सर (उत्तराखंड) (दिलशाद अली/एशियन पत्रिका)
नगर पालिका परिषद लक्सर के अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ नीटू के नेतृत्व में स्वराज फाउंडेशन के सहयोग से केवी इंटर कॉलेज लक्सर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोज़गार मेले में क्षेत्र के सैकड़ों बेरोज़गार युवाओं ने प्रतिभाग कर रोज़गार से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी प्राप्त की। मेले में कई निजी कंपनियों एवं संस्थानों ने सहभागिता की, जहां युवाओं की शैक्षिक योग्यता एवं कौशल के आधार पर उन्हें रोजगार संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान अनेक युवाओं का प्राथमिक चयन भी किया गया। आयोजन स्थल पर युवाओं की भारी भीड़ देखी गई, जिससे क्षेत्र में रोजगार को लेकर खासा उत्साह नज़र आया। रोज़गार मेले में पहुंचे युवाओं ने नगर पालिका अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ नीटू की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह का आयोजन सराहनीय है। युवाओं का कहना था कि स्थानीय स्तर पर रोज़गार के अवसर मिलने से उन्हें बाहर भटकने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ नीटू ने कहा कि उनके कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने जा रहा है और इस दौरान बड़ी संख्या में बेरोज़गार युवाओं ने उनसे रोज़गार की मांग की थी। उन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस रोज़गार मेले का आयोजन कराया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोज़गार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस तरह के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। कार्यक्रम में मौजूद लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने रोज़गार मेले की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं स्वराज फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है और इसी उद्देश्य के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रोज़गार मेले के सफल आयोजन में नगर पालिका परिषद लक्सर एवं स्वराज फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







