कांग्रेस शासन में केवल घोटाले हुए, मोदी ने भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया: वैष्णव
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को आत्मनिर्भरता की राह पर ले जा रहे हैं

नई दिल्ली,केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसके नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर सशस्त्र बलों की जरूरतों को नजरअंदाज करने और उन्हें आयात पर निर्भर बनाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को आत्मनिर्भरता की राह पर ले जा रहे हैं।पत्रकारों को यहां संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने संरचनात्मक सुधारों की शुरुआत कर, रक्षा उपकरणों के स्वदेशी उत्पादन को प्राथमिकता देकर और निर्यात को प्रोत्साहित करके रक्षा क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है।सूचना और प्रसारण मंत्री वैष्णव ने कहा, ‘कांग्रेस शासन के दौरान रक्षा मंत्री सीमा पर सड़कों के निर्माण की आवश्यकता पर सवाल उठाते थे, लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सशस्त्र बलों के लिए 6,800 किलोमीटर से अधिक सड़कें बनाई गई हैं।’मंत्री ने कहा कि 10 साल पहले भारत ‘बुलेट प्रूफ जैकेट’ के लिए आयात पर निर्भर था, लेकिन मोदी सरकार के तहत देश आत्मनिर्भर बन गया है।उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियां अब तोपें बना रही हैं और दूसरे देशों को निर्यात भी कर रही हैं।मंत्री ने कहा कि भारत में रक्षा उत्पादन एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और देश में निर्मित रक्षा उपकरण 80 देशों को निर्यात किए गए हैं।वैष्णव ने कहा, ‘कांग्रेस शासन में केवल घोटाले हुए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमेशा राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर काम किया है।’वैष्णव ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों के परिणाम अब सामने आ रहे हैं।’मंत्री ने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन गया है और सशस्त्र बलों की जरूरत का लगभग 70 प्रतिशत (सामान) अब भारत में निर्मित हो रहा है।