हिमाचल में कांग्रेस ने दो और भाजपा ने एक सीट पर बनायी बढ़त
दसवें राउंड की गिनती में कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही सुश्री कुमारी ने 9399 वोटों की बढ़त बना ली

शिमला, हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव में कांग्रेस दो सीटों और भारतीय जनता पार्टी एक सीट पर बढ़त बनाये हुए है। राज्य मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश कुमारी ने अपने प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार होशियार सिंह से 9399 की बढ़त बना ली है।दसवें राउंड की गिनती में कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही सुश्री कुमारी ने 9399 वोटों की बढ़त बना ली है। पहले तीन राउंड में वह पिछड़ रही थीं, लेकिन अब उन्होंने अच्छी खासी बढ़त बना ली है। दसवें दौर की गिनती तक सुश्री कुमारी को 32737 और श्री सिंह को 23338 वोट मिले।
नालागढ़ उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार और पूर्व विधायक केएल ठाकुर आठवें दौर की गिनती में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस हरदीप सिंह बावा से 6870 वोटों से पीछे चल रहे हैं। श्री ठाकुर को 24428 और श्री बावा को 31298 वोट मिले, जबकि निर्दलीय भाजपा के बागी हरप्रीत सैनी को 11614 वोट मिले।हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक आशीष शर्मा नौवें दौर की गिनती में निकटतम कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा से 1433 वोटों से आगे चल रहे हैं। श्री शर्मा को 26617 और डॉ वर्मा को 25184 वोट मिले।
तीनों विधानसभा उपचुनावों की मतगणना सुबह आठ बजे शांतिपूर्ण तरीके से जिला मुख्यालयों हमीरपुर, धर्मशाला और सोलन में हुई। वोटों की गिनती के लिए करीब 200 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। तीन स्वतंत्र विधायकों, हमीरपुर से आशीष शर्मा, देहरा से होशियार सिंह और केएल ठाकुर के मार्च 2024 में विधानसभा सीटों से इस्तीफा देने और भाजपा में शामिल होने के बाद उपचुनाव आवश्यक हो गया था।