नई दिल्ली (एप न्यूज़ डेस्क)
भारत के मित्र कहलाए जाने वाले नेपाली सेना के प्रधान सेनापति महारथी प्रभुराम शर्मा का पांच दिवसीय भारत दौरा तय हुआ है। बताया गया है कि भारतीय थलसेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे के निमंत्रण पर नेपाली सेनाध्यक्ष 24 से 28 सितम्बर तक की भारत यात्रा पर आयेंगे। नेपाली सेना की तरफ से भी जानकारी दी गई है कि महारथी शर्मा के दौरे पर भारतीय सेना की तरफ से उन्हें भारत में ही निर्मित दो हेलीकॉप्टर उपहार में दिए जाएंगे। यह ‘मेक इन इंडिया’ के तहत एचएएल निर्मित एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ होंगे। नेपाली सेना के प्रमुख अपने भारतीय समकक्ष जनरल मनोज पांडे से द्विपक्षीय रक्षा हितों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा भारतीय चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान से शिष्टाचार मुलाकात भी करेंगे। नेपाली सेना के प्रधान सेनापति भारतीय थलसेना के ऑनरेरी जनरल होते हैं। इसी तरह भारतीय थलसेनाध्यक्ष भी नेपाली सेना के मानार्थ प्रधान सेनापति होते हैं।