विश्व पुस्तक मेले में मनबीर सिंह की पुस्तक ‘राजाराम’ का विमोचन

नई दिल्ली (एशियन पत्रिका ब्यूरो)
नई दिल्ली में चल रहे विश्व पुस्तक मेले में साहित्यिक गतिविधियां जारी हैं। पुस्तक प्रेमियों और लेखकों का आना जाना, परिचर्चाएं और प्रोग्राम जारी हैं। इसी बीच लेखक मनबीर सिंह आईपीएस की पुस्तक राजाराम का विमोचन मुख्य अतिथि सूर्य प्रकाश खत्री विधायक तिमारपुर दिल्ली और सोनीपत से पद्मश्री डॉ संतराम देशवाल के कर कमलो से विश्व पुस्तक मेले के ऑथर कॉर्नर पर किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे विधायक सूर्य प्रकाश खत्री ने कहा कि राजाराम पर लिखी यह पुस्तक भविष्य में भारतीय इतिहास में नए आयाम स्थापित करेगी। राजाराम ब्रजक्षेत्र के एक ऐसा योद्धा थे जिसने औरंगजेब के खिलाफ संगठित सेना तैयार की और औरंगजेब की मानवता विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में सोनीपत से पधारे पद्मश्री से सम्मानित डॉक्टर संतराम देशवाल ने कहा कि मनबीर सिंह की यह नायाब पुस्तक, लंबे शोध और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इतिहासकारों ने राजाराम के बारे में कुछ ज़्यादा नहीं लिखा। यदि कहीं पर लिखा है तो बहुत कम लिखा है जबकि एक ऐसे योद्धा के बारे में लिखा जाना बहुत ज़रूरी था जिन्होंने मुगलों के खिलाफ संगठन तैयार करके न केवल विरोध किया बल्कि बृजवासियों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। इस अवसर पर बोलते हुए राजाराम पुस्तक के लेखक मनबीर सिंह ने कहा कि यह पुस्तक भारतीय इतिहास के उस महान योद्धा के बारे में है, जिसने ब्रज की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। परन्तु इस महान योद्धा को इतिहासकारों ने दरकिनार किया। ऐसे महान योद्धा के जीवन को जनता के समक्ष रखने का प्रयास है।
इस साहित्यिक कार्यक्रम का संचालन वार्ताकार डॉ सूर्यनाथ सिंह ने किया। पुस्तक विमोचन के दौरान बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी, इतिहास प्रेमी, शोधार्थी साहित्यकार और लेखक विद्वान उपस्थित रहे।







