मनरेगा में भारी घोटाला करने वाले सरकारी जांच में सहयोग न करके, शिकायतकर्ता के ख़िलाफ़ ही रच रहे हैं षड़यंत्र।
उत्तर प्रदेश के लोकायुक्त के जांच आदेशों के बाद भी जांच पड़ताल में टाल-मटोल करने के साथ साथ शिकायतकर्ता साबिर हुसैन को ही डराने, धमकाने और पिटवाने की साज़िश की जा रही है।



प्रतापगढ़ (यूपी)(एशियन पत्रिका ब्यूरो)
जनपद प्रतापगढ़ के ब्लॉक कालाकांकर ग्राम कडरो में मनरेगा के करोड़ों के घोटाले की जांच के आदेश लोकायुक्त से होने के बाद भ्रष्टाचारी बौखला कर शिकायतकर्ता के ख़िलाफ़ ही षड़यंत्र रच रहे हैं ऐसा खुला आरोप शिकायतकर्ता साबिर हुसैन ने लगाते हुए अपनी जान को ख़तरा बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के
ज़िला प्रतापगढ़ के ब्लॉक कालाकांकर ग्राम कडरो में ग्राम प्रधान व प्रतिनिधि की मिली भगत से मनरेगा में करोड़ों रुपए के घोटाले की
शिकायत ग्राम कडरो, तहसील- कुंडा, ब्लॉक कालाकांकर थाना नवाबगंज के मूल निवासी साबिर हुसैन ने उच्चाधिकारियों को की थी जिसमें कहा गया कि ब्लॉक कर्मियों, बीडीओ सहित मिली भगत से करोड़ों का घोटाला किया गया है। शिकायत करने पर पहले जब कोई कार्रवाई भ्रष्टाचारियों के ख़िलाफ़ नहीं हुई तब इसकी शिकायत लोकायुक्त उत्तर प्रदेश लखनऊ के यहां दाखिल की गई। जिस पर जांच हेतु तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई। इसकी जानकारी पत्र द्वारा दी गई। शिकायतकर्ता साबिर हुसैन ने बताया कि उन्हें जांचकर्ता अधिकारी ने बाकायदा पत्र भेजकर दिनांक 18 दिसंबर 2025 को प्रातः 11: 30 बजे पंचायत घर कोदरिया पहुंचने को कहा गया। ब्लॉक कालाकांकर के बीडीओ जो कि खुद इस मामले के आरोपी हैं उन्होंने भी फ़ोन द्वारा सूचित किया। शिकायतकर्ता समयानुसार पंचायत घर कोठारिया पहुंचा परंतु घंटों इंतज़ार के बाद भी कोई जांच टीम वहां नहीं पहुंची। इसके विपरीत आरोपी बीडीओ ने शिकायतकर्ता साबिर हुसैन को 2:00 बजे दिन में फ़ोन किया कि आप स्कूल जुगई का पुरवा आ जाइए क्योंकि जांच स्थल बदल दिया गया है। शिकायतकर्ता साबिर हुसैन का कहना है कि वहां उसके विरुद्ध साज़िश रचकर, स्कूल में ग्राम प्रधान राम प्यारे, सरोज प्रधान प्रतिनिधि, हिस्ट्रीशीटर प्रभाकर पटेल के साथ लगभग डेढ़ से 200 लोगों को इकट्ठा कर लिया गया था। किसी अनहोनी घटना होने की सूचना शिकायतकर्ता को मिली जिससे भयभीत होकर शिकायतकर्ता ने जांच अधिकारी को फोन कर समस्या बताई और कहा कि मैंने पहले ही डीएम प्रतापगढ़ को सूचित किया था कि मेरे विरुद्ध साज़िशें रची जा रही हैं इसलिए मेरा बयान अभिलेखीय साक्ष्य आदि कुंडा तहसील में लिया जाए। परंतु कुछ सुनवाई नहीं हुई। जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया कि कुछ नहीं होगा और इंस्पेक्टर नवाबगंज से भी बात कराई गई। लेकिन हालात और आशंकाओं के चलते शिकायतकर्ता वहां
से तुरंत वापस आ गया। अब शिकायतकर्ता चाहता है कि लोकायुक्त सहित जांच अधिकारी पूरे सुरक्षित वातावरण में, कार्यालय में बुलाकर जांच पड़ताल करें। मेरे द्वारा समस्त सुबूत पेश किए जाएंगे।







