लड़कियों को वेश्यावृत्ति और बार डांसर बनाने के लिए अगवा और मानव तस्करी करवाने वाला इनामी बदमाश गिरफ़्तार

आरोपी विशाल की गिरफ्तारी पर 50 हज़ार का इनाम घोषित था

नई दिल्ली (एप ब्यूरो)
दिल्ली में अपराधी और अपराध किस किस ढंग से अपराध करते हैं सुनकर दिमाग घूम जाता है। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती के बावजूद जुर्म रुकता दिखाई नहीं देता। मानव तस्करी जैसा घिनौना अपराध भी यहां होता है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मानव तस्करी करने वाले गिरोह के एक इनामी बदमाश को आगरा के फतेहाबाद रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव डौकी, आगरा निवासी विशाल सिंह के रूप में हुई है। तीन राज्यों दिल्ली,यूपी और पश्चिम बंगाल की पुलिस आरोपी की तलाश में थी। विशाल करीब चार साल से पुलिस की आंख में धूल झोंककर देश के कई राज्यों में छिपने के अलावा भूटान और नेपाल में पनाह लेता रहा। आरोपी और उसके गैंग ने मयूर विहार फेज-1 से दो नाबालिग बहनों को अगवा कर उनका सौदा किया था। आरोपी ने उत्तम नगर ले जाकर लड़कियों के साथ दुष्कर्म भी किया था। पुलिस ने दोनों बहनों को बरामद कर नरेश शैलेंद्र,राजू कुमार उर्फ राज चौधरी और दो महिलाएं शशि माला उर्फ रूबी और किरन को गिरफ्तार कर लिया था,लेकिन मुख्य आरोपी विशाल लगातार फरार चल रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है। अपराध शाखा के विशेष आयुक्त रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि 21 नवंबर 2019 को एक महिला ने मयूर विहार फेस-1 से अपनी दो नाबालिग बेटियों के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने छोटी बेटी को ढूंढ निकाला। उसने बताया कि दोनों बहनों को मानव तस्करी करने वाले गिरोह ने अगवा किया था। आरोपी उनको उत्तम नगर ले गए, वहां उनके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने अपहरण,बंधक बनाने, छेड़छाड़,अगवा करने,सामूहिक दुष्कर्म,पॉक्सो समेत कई अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर दो महिलाओं समेत चार को गिरफ्तार कर लिया,लेकिन मुख्य आरोपी विशाल लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने छानबीन के बाद दूसरी लड़की को भी तलाश कर लिया। बाद में आरोपी विशाल की गिरफ्तारी पर 50 हज़ार का इनाम घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने आरोपी को आगरा से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पिछले काफी समय से मानव तस्करी में लिप्त है। वह लड़कियों को वेश्यावृत्ति और बार डांसर बनाने के लिए अगवा करवाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *